अब बच्चे खेल-खेल में सीखेंगे गणित, डाईट शिमला में पहली मैथ्स लैब ऑन व्हील की हुई शुरूआत

punjabkesari.in Friday, Oct 18, 2019 - 11:26 AM (IST)

शिमला (अभिषेक): गणित शिक्षण को रुचिकर बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में वीरवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान शामलाघाट में हिमाचल प्रदेश राज्य रामानुजन गणित क्लब संबद्ध अखिल भारतीय रामानुजन गणित क्लब की ओर से हिमाचल की पहली मैथ्स लैब ऑन व्हील का शुभारंभ किया गया। इसका शुभारंभ डाईट प्रधानाचार्य जय देव नेगी ने किया। इस मौके पर अखिल भारतीय रामानुजन मैथ्स क्लब के चेयरमैन डा. चंद्रमौली जोशी और इंडियन मैथ्स गुरु बी.एन. राव भी उपस्थित थे।

डाईट प्रवक्ता डा. संजीव कुमार को लैब का संरक्षक नियुक्त किया गया। विद्यालय में इस लैब का उपयोग पहली से 10वीं कक्षा तक के बच्चों के लिए खेल-खेल में रुचिकर तरीकों से गणित सिखाने के लिए किया जाएगा। विद्यालयों में पढ़ाने वाले शिक्षक भी डाईट से लेकर इस लैब का प्रयोग अपने विद्यालयों में कर सकते हैं। इसका प्रशिक्षण डाईट प्रशिक्षुओं को भी प्रदान किया गया। इस लैब में 75 मॉडल शामिल हैं, जिनसे गणित को रुचिकर बनाया जा सकता है।

इन मॉडलों में क्षेत्रफल, बीजगणित, अंकों के विभिन्न खेल, भिन्न जैसी अवधारणाओं को सरल व रुचिकर तरीकों से स्पष्ट किया जा सकता है। डा. जोशी ने बताया कि इस लैब का कक्षा में प्रयोग निश्चित तौर परविद्यार्थियों के मन से गणित के भय को दूर बनाकर विषय के प्रति रूचि बढ़ाएगा। इसके अलावा डाईट में 2 दिवसीय वैदिक गणित की कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में वैदिक गणित से शीघ्र गणना के तरीके बताए। डा. चंद्रमौली जोशी और बी.एन. राव ने बच्चों को गणित सिखाने की रोचक विधियां बताईं, जिनमें दो, तीन, चार व अधिक अंकों का योग, घटाव, गुणा व भाग; शीघ्रता से पहाड़े बोलना आदि शामिल हैं। जय देव नेगी ने कहा कि डाईट प्रशिक्षुओं द्वारा इस लैब का प्रयोग विभिन्न विद्यालयों में करवाया जाएगा। इससे बच्चों को खेल-खेल में गणित सीखने में आनंद आए। कार्यशाला में प्रशिक्षुओं के अलावा डाईट प्रवक्ता भी शामिल हुए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Simpy Khanna

Recommended News

Related News