एक नहीं दो नहीं कई गांव जुटे हैं साक्षी का जीवन बचाने में, इलाज के लिए घर-घर से जुटा रहे हैं पैसा

punjabkesari.in Saturday, Jan 15, 2022 - 10:45 AM (IST)

नगरोटा बगवां (केपी पांजला) : नगरोटा विधानसभा के तहत  पंचायत सियूंड में 2 जनवरी को ढांक से गिरने के बाद साक्षी की रीढ़ की हड्डी टूट चुकी है। साक्षी को बचाने के लिए सियूंड, बलधर, नगरोटा बगवां के यूथ के बाद दूसरे युवा भी आगे आने लगे हैं। पीजीआई चंडीगढ़ में वैंटीलेटर पर साक्षी के लिए युवा आपस में मिलकर दोस्तों और रिश्तेदारों से पैसे जुटा रहे हैं। शटरिंग का काम करने वाले साक्षी के पिता हरवंश लाल की भी 7 साल पहले टांग और बाजू टूट गई थी। रविवार को जैसे ही हादसा हुआ तो गांव के लोग प्रधान अशोक और अनिल आदि की मौजूदगी में इकट्ठा हुए और कुछ पैसों का इंतजाम कर साक्षी को टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती  करवाया। साक्षी की गंभीर हालत को देखते हुए बाद में उसे पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती करवाया गया। यहां उसकी देखभाल उसकी मां और भाई साहिल कर रहा है। 

आयुष्मान कार्ड का भी नहीं हो रहा फायदा

परिवार के लिए पहले आयुष्मान कार्ड सहारा था लेकिन वैंटीलेटर पर होने के कारण उसका अब ज्यादा फायदा नहीं मिल पा रहा है। परिवार के मुताबिक बेटी के इलाज पर 6 से 7 लाख रुपए खर्च होंगे जबकि लोगों की मदद से अब तक (शुक्रवार 3 बजे तक) 2.50 लाख के करीब रुपए अकाऊंट में आ चुके हैं। नगरोटा बगवां के विधायक अरुण कूका, पूर्व मंत्री स्व. जीएस बाली के बेटे आरएस बाली, सियूंड गांव के प्रधान अशोक कुमार, नगरोटा हैल्पिंग हैंड्स टीम के प्रमुख प्रवेश शर्मा समेत कई लोगों और कुछ संस्थाओं के सदस्यों ने भी पीड़ित परिवार की मदद की है। वहीं कई गुप्त समाजसेवियों ने भी मदद की है। पंचायत प्रधान अशोक कुमार ने बताया कि साक्षी की मदद पंचायत ने की है। साथ ही पंचायत के लोग भी जरूरत के अनुसार मदद जुटा रहे हैं। हादसे के बाद साक्षी जब टांडा मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन थी तो परिवार की हालत देख खुद लोग उन्हें मदद के लिए फोन करने लगे। बेटी का इलाज लोगों के पैसे से करवाने की शर्म और बाद में लौटाने के डर से परिवार ने पहले मदद के लिए मना कर दिया। साक्षी के पिता हरवंश लाल ने बताया कि उस समय हम टैंशन में थे। कुछ लोग बता रहे थे कि बाद में मांगेंगे तो कैसे लौटाएंगे। सियूंड गांव के ही अनिल कुमार ने बताया कि साक्षी की मदद के लिए उन्होंने अपने वार्ड से पैसे इकट्ठे किए हैं। गांव के प्रधान समेत युवा भी साथ दे रहे हैं।

इन युवाओं ने भी रुपए किए ट्रांसफर

साक्षी की मदद के लिए बलधर से युवा अमित कुमार, विक्की, रितेश व  पंकज आदि ने भी अपने गांव से पैसे जुटाकर साक्षी के परिवार को दिए हैं।  सियूंड गांव से अंकुश, अनिल व आशीष समेत कुछ युवा गांव में पैसे इकट्ठे कर रहे हैं। नगरोटा बगवां से नॉमिनेटिड युवा पार्षद अमित कुमार और चाहड़ी के वरुण धीमान भी अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से पैसे जुटा रहे हैं। युवाओं का कहना है कि उनसे जितना हो सकता है वह जुटा रहे हैं। वहीं मस्सल गांव से केवल कुमार, धलूं से भूपिंदर, ठारू गांव से अभिषेक कौंडल, चंबी-चीडन पंचायत से सुरिंदर चौधरी और आशु धीमान ने भी अपनी जरूरत के अनुसार साक्षी के चाचा के अकाऊंट में पैसे ट्रांसफर किए हैं। इसके अलावा जालंधर में नौकरी करने वाले कुछ युवाओं ने भी पैसे ट्रांसफर किए हैं। इनमें से अधिकांश नगरोटा कालेज से पढ़ाई कर चुके स्टूडैंट्स ही हैं। इसके अलावा कुछ अन्य युवाओं ने भी गुप्त तरीके से पैसे ट्रांसफर किए हैं।  

नगरोटा हैल्पिंग हैंड्स टीम समेत कई अन्य संस्थाएं कर रहीं मदद

साक्षी की मदद नगरोटा हैल्पिंग हैंड्स, अनुदान हिमाचली समेत कुछ संस्थाओं के युवा भी कर रहे हैं। नगरोटा हैल्पिंग हैंड्स के प्रमुख प्रवेश ने बताया कि उनके ग्रुप के सदस्य पिछले दो दिनों से पैसे इकट्ठे कर रहे हैं। साथ ही पल-पल की खबर भी ले रहे हैं। वहीं अनुदान हिमाचली के सदस्य सतीश मलांच ने बताया कि संस्था के सदस्यों से हैल्प के लिए कहा है। कुछ दोस्त मदद कर रहे हैं।  

’नगरोटा बगवां कॉलेज में फाइनल ईयर की कर रही पढ़ाई, शुक्रवार को पहली बार खोलीं आंखें ’ 

20 साल की साक्षी नगरोटा बगवां डिग्री कालेज में बीए फाइनल ईयर की पढ़ाई कर रही है। कोरोना में छुट्टियां होने के कारण 2 जनवरी को अपनी माता के साथ ढांक में घास लेने गई थी। इस दौरान वह नीचे गिर गई थी। वहीं, उसके पिता ने बताया कि साक्षी पढ़ाई में तेज थी और आगे टीचर बनना चाहती थी लेकिन भगवान को कुछ और ही मंजूर था। वहीं, चंडीगढ़ में उसके भाई साहिल ने बताया कि इलाज जारी है। शुक्रवार को बहन ने आंखें खोली थीं। अभी बात नहीं कर पा रही है। पता नहीं क्या बनेगा। खुशी हो रही है कि हमारी मदद के लिए वह लोग भी आगे आ रहे हैं जिन्हें वह और परिवार के लोग जानते तक नहीं हैं। आगे साक्षी की रीढ़ की हड्डी, सिर और छाती का ऑप्रेशन होगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

prashant sharma

Recommended News

Related News