Bilaspur: कोच्ची से बिलासपुर पहुंचा उत्तरी भारत का पहला क्रूज, शुक्रवार को होगा ट्रायल रन

punjabkesari.in Thursday, Sep 26, 2024 - 10:28 PM (IST)

बिलासपुर (विशाल): बिलासपुर गोबिंदसागर झील में आम लोगों व पर्यटकों के लिए क्रूज व शिकारे का आनंद लेने का इंतजार अब समाप्त होने ही वाला है। झील में चलने वाला पहला क्रूज कोच्ची से सफर पूरा कर बिलासपुर पहुंच चुका है। वीरवार शाम 5 बजे इस क्रूज को गोबिंदसागर झील में उतार दिया गया है। अब शुक्रवार को सुबह 11 बजे इसका ट्रायल रन होगा। नवरात्रों में या फिर नवरात्रों के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू इस क्रूज का शुभारंभ करेंगे। यह क्रूज न केवल हिमाचल का अपितु उत्तर भारत का पहला क्रूज है जो सैलानियों को झील की सैर करवाएगा।

अहम बात यह है कि बिलासपुर गोबिंदसागर झील में क्रूज, शिकारे व अन्य रोमांचक खेलों को शुरू करवाने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू खुद गंभीर हैं और पूरी नजर बनाए हुए हैं। उधर, जिला प्रशासन ने कोल डैम जलाशय में क्रूज व शिकारा इत्यादि शुरू करने को लेकर भी टैंडर कर दिया है। कोल डैम से तत्तापानी तक 30 किलोमीटर लंबी झील का नजारा क्रूज व शिकारों के जरिए लिया जा सकेगा। गौरतलब है कि गत विधानसभा सत्र के दौरान विधानसभा में मुख्यमंत्री ने कहा था कि जिला बिलासपुर को पर्यटन की दृष्टि से ऐसा विकसित शहर बनाया जाएगा जहां लोग कई दिनों तक रहना पसंद करेंगे।

डीसी बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि क्रूज को झील में उतार दिया गया है। शेष बची औपचारिकताओं को पूरा कर अक्तूबर माह में क्रूज की व्यावसायिक गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि वाटर स्पोर्ट्स एक्टीविटीज के साथ-साथ धार्मिक पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन और ईको पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सभी विभागों के साथ समन्वय में स्थापित किया जा रहा है। आने वाले कुछ वर्षों में बिलासपुर में पर्यटन गतिविधियां केरल और गोवा के तर्ज पर विकसित होंगी।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News