Kangra: अवैध खनन के विरुद्ध नूरपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी
punjabkesari.in Monday, Feb 09, 2026 - 10:13 PM (IST)
नूरपुर (राहुल राणा): अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु जिला पुलिस नूरपुर द्वारा खनन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान पुलिस जिला नूरपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष चैकिंग एवं नाकाबंदी की गई।
इस दौरान पुलिस थाना ज्वाली के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस पोस्ट कोटला एवं पुलिस पोस्ट नगरोटा सूरियां तथा पुलिस थाना नूरपुर के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस पोस्ट सदवां द्वारा संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में संलिप्त 3 टिप्पर तथा एक ट्रैक्टर को कब्जे में लिया गया। इसके अतिरिक्त अवैध खनन एवं खनन सामग्री के अवैध परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध 4 चालान भी किए गए हैं, जिन्हें आगामी कानूनी कार्रवाई हेतु माननीय न्यायालय में भेजा गया है।
नूरपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि अवैध खनन संबंधी किसी भी जानकारी को पुलिस के साथ सांझा कर प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा में सहयोग प्रदान करें।

