Kangra: नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पंजाब के गुरदासपुर और जीरकपुर से दबोचे 2 उद्घोषित अपराधी

punjabkesari.in Friday, Feb 06, 2026 - 06:04 PM (IST)

ठाकुरद्वारा/नूरपुर (गगन/राकेश): जिला पुलिस नूरपुर ने अपराधियों के खिलाफ छेड़े गए अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अलग-अलग मामलों में उद्घोषित अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पीओ सैल की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों अभियुक्तों को पंजाब के अलग-अलग इलाकों से दबोचा है।

पहले मामले में पीओ सैल की टीम ने पंजाब के जिला गुरदासपुर में दबिश दी। यहां से पुलिस ने करन महाजन निवासी गांव व डाकघर दौरंगाला (पंजाब) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, करन के विरुद्ध थाना डमटाल में आईपीसी की धारा 279, 337, 338 और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184, 187 के तहत मामला दर्ज था। अभियुक्त लंबे समय से अपनी गिरफ्तारी से बच रहा था, जिसके चलते अदालत ने उसे उद्घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।

दूसरे मामले में पुलिस टीम ने नाभा (जीरकपुर), पंजाब से सरवन अली (34) निवासी गांव जुगियाल, तहसील धारकलां (पठानकोट) को गिरफ्तार किया। एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सरवन अली के खिलाफ नूरपुर पुलिस थाने में आईपीसी की धारा 451, 323, 504 और 506 के तहत मामला दर्ज था। यह अभियुक्त भी न्यायालय द्वारा भगाैड़ा घोषित किया गया था।

एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि दोनों अभियुक्तों को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है और उन्हें आगामी कानूनी प्रक्रिया के तहत न्यायालय में पेश किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला पुलिस फरार चल रहे अपराधियों को पकड़ने के लिए लगातार सक्रिय है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News