Kangra: लापता 2 छात्रों का 1 माह बाद भी नहीं लगा सुराग, परिजनों ने SP को सौंपा ज्ञापन...जांच तेज करने की उठाई मांग

punjabkesari.in Tuesday, Aug 25, 2026 - 05:13 PM (IST)

देहरा (सेठी): हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के अंतर्गत देहरा से 28 जुलाई को रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हुए दो छात्रों कृष शर्मा और साक्षिव कुमार की गुत्थी एक महीने बाद भी अनसुलझी है। दोनों युवकों का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। समय बीतने के साथ ही परिजनों की चिंता और बेचैनी बढ़ती जा रही है। मंगलवार को न्याय और जांच में तेजी की गुहार लेकर परिजनों और ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल एसपी देहरा के कार्यालय पहुंचा।

स्कूल के लिए निकले थे, नदी किनारे मिले थे बैग
गौरतलब है कि कृष और साक्षिव केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय बलाहर के छात्र हैं। 28 जुलाई की सुबह दोनों हमेशा की तरह घर से पढ़ने के लिए निकले थे, लेकिन कभी वापस नहीं लौटे। तलाश करने पर दोनों के बैग ब्यास नदी के किनारे से बरामद हुए थे। पुलिस ने नदी में डूबने की आशंका जताते हुए ब्यास में सघन सर्च अभियान भी चलाया था, लेकिन गोताखोरों के हाथ भी खाली रहे। अब परिजनों को अनहोनी की आशंका सता रही है।

विशेषज्ञ एजैंसियों की मदद लेने पर दिया जोर
एसपी कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष देहरा डॉ. सुकृत सागर और बीडीसी देहरा की वाइस चेयरमैन रुबीना चौधरी ने किया। डॉ. सुकृत सागर ने कहा कि शुरूआत में पुलिस ने मुस्तैदी दिखाई थी, जिससे परिवार संतुष्ट था, लेकिन पिछले 10-15 दिनों से जांच की गति बेहद धीमी पड़ गई है। प्रतिनिधिमंडल ने एसपी संदीप धवल को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि इस मामले की जांच का दायरा बढ़ाया जाए और तकनीकी संसाधनों सहित विशेषज्ञ एजैंसियों की मदद ली जाए, साथ ही परिजनों ने एफआईआर की कॉपी और अब तक की जांच की स्टेटस रिपोर्ट भी मांगी है। वहीं, एसपी देहरा संदीप धवल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि पुलिस दोनों युवकों को तलाशने के लिए हर संभव और वैज्ञानिक प्रयास कर रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay