हमीरपुर के लाल ने भरी सफलता की उड़ान, भारतीय वायुसेना में बना फ्लाइंग ऑफिसर
punjabkesari.in Sunday, Sep 06, 2026 - 03:16 PM (IST)
भोटा (वर्मा): हिमाचल प्रदेश के युवाओं का सेना के प्रति जज्बा एक बार फिर देखने को मिला है। हमीरपुर जिले की भोटा उपतहसील के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत पाहलू के रहने वाले निश्चल पटियाल ने भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर बनकर पूरे प्रदेश और जिले का नाम रोशन किया है। निशचल ने हाल ही में बेंगलुरु से अपनी कठिन ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी कर ली है और वायुसेना में यह प्रतिष्ठित कमीशन हासिल किया है।
निश्चल पटियाल शुरू से ही पढ़ाई में होनहार रहे हैं। उनकी प्रारंभिक और 12वीं कक्षा तक की शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भोटा से पूरी हुई है। स्कूली शिक्षा के बाद उन्होंने चंडीगढ़ का रुख किया और वहां से बीटैक की डिग्री हासिल की। इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद निशचल ने अपना पूरा ध्यान वायुसेना में जाने के अपने एकमात्र लक्ष्य पर केंद्रित कर दिया और कड़ी मेहनत के दम पर सफलता हासिल की।
निश्चल एक शिक्षित पारिवारिक पृष्ठभूमि से आते हैं। उनके पिता बलवंत सिंह पटियाल महाराष्ट्र के नागपुर स्थित तुल्ली इंटरनैशनल होटल से बतौर असिस्टैंट मैनेजर सेवानिवृत्त हो चुके हैं। वहीं, उनकी माता सरिता कुमारी शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रही हैं और वर्तमान में सरकारी स्कूल बैरी में अध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। बेटे की इस उपलब्धि ने पूरे परिवार का सिर फक्र से ऊंचा कर दिया है।
निश्चल के फ्लाइंग ऑफिसर बनने की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव पाहलू पहुंची, वहां और आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई। बेटे की इस शानदार सफलता पर भावुक होते हुए पिता बलवंत सिंह ने कहा कि निशचल का बचपन से ही सिर्फ एक सपना था कि उसे वायुसेना में जाकर देश की सेवा करनी है। आज फ्लाइंग ऑफिसर बनकर उसने अपना वह सपना हकीकत में बदल दिया है। उन्होंने कहा कि हमें अपने बेटे की इस उपलब्धि पर बहुत गर्व है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

