लाहौल में नैशनल स्की एंड स्नो ओपन चैम्पियनशिप शुरू, पहले दिन हिमाचल का रहा दबदबा

punjabkesari.in Saturday, Apr 02, 2022 - 10:52 PM (IST)

मनाली (ब्यूरो): लाहौल के शेती नाले में शनिवार को नैशनल स्की एंड स्नो ओपन चैम्पियनशिप का विधिवत आगाज हुआ। लाहौल की स्कीइंग ढलानों में पहली बार आयोजित हुई चैम्पियनशिप का तकनीकी शिक्षा मंत्री रामलाल मारकंडा ने शुभारंभ किया। देशभर से 180 स्कीयर अपनी प्रतिभा के जौहर दिखा रहे हैं। मारकंडा ने कहा कि अटल टनल के बन जाने से लाहौल में पर्यटन की संभावनाएं बढ़ी हैं, प्रदेश सरकार साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का हरसंभव प्रयास कर रही है, इसी को ध्यान में रखते हुए यह 3 दिवसीय चैम्पियनशिप आयोजित की जा रही है। हिप्र विंटर गेम्स एसोसिएशन के अध्यक्ष लुदर ठाकुर ने कहा कि आर्मी व आईटीबीपी सहित कर्नाटका, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख व उत्तराखंड सहित लाहौल-स्पीति की टीमें भाग ले रही हैं। इस दौरान डीसी लाहौल-स्पीति नीरज कुमार, एसपी मानव वर्मा, पर्वतारोहण संस्थान के निदेशक अविनाश नेगी व एसडीएम प्रिया नागटा मौजूद रहे।

 प्रतियोगिता के पहले दिन लाहौल के शेती नाले में आयोजित पहली नैशनल स्कीइंग व स्नो बोर्ड चैम्पियनशिप में हिमाचल ने 12 पदक प्राप्त कर बढ़त बना ली है। शनिवार को आयोजित जाइंट सलालम के महिला वर्ग में तनुजा व पुरुष वर्ग में आर्मी के सुनील ने मारी बाजी। महिला वर्ग में हिमाचल की तजुना ने स्वर्ण एरिया ने रजत जबकि उत्तराखंड की भारती भुजनन ने कांस्य पदक हासिल किया। पुरुषों के वर्ग में आर्मी के सुनील कुमार ने स्वर्ण पदक, कीर्ति कृष्ण ने रजत व योगेश कुमार ने कांस्य पदक प्राप्त किया। जाइंट सलालम लड़कियों के अंडर-21 वर्ग में सभी पदक हिमाचल ने जीते। साक्षी ने स्वर्ण पदक, ललिता ने रजत पदक व विपाशा ने कांस्य पदक जीता।

लड़कों के वर्ग में भी तीनों पदक हिमाचल ने हासिल किए। निखिल ठाकुर ने स्वर्ण पदक, कीर्ति कृष्ण ने रजत पदक व अभिषेक ठाकुर ने कांस्य पदक हासिल किया। स्नो बोर्ड प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में जम्मू-कश्मीर के महरुजुदीन ने स्वर्ण पदक, हिमाचल के पंकज ने रजत पदक व हिमाचल के ही मनीष कांस्य पदक जीता। 10 किलोमीटर की क्रॉस कंट्री में आर्मी के खिलाडिय़ों का कब्जा रहा। शुभम परिहार ने स्वर्ण पदक, तन्जिन तंडुप ने रजत व थुपतन छेवंग ने कांस्य पदक जीता। महिला वर्ग की डेढ़ किलोमीटर लंबी क्रॉस कंट्री में आईटीबीपी की प्रिंस ने स्वर्ण पदक, कर्नाटका की भवानी ने रजत पदक व आईटीबीपी की रागिनी ने कांस्य पदक जीता। स्की एंड स्नो बोर्ड इंडिया के सैकेटरी जनरल रूप चंद नेगी ने बताया कि चैम्पियनशिप के पहले दिन हिमाचल का दबदबा रहा है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News