फ्रिज का कंप्रैशर फटने से लगी आग, 3 वर्षीय बच्चे की मौत

punjabkesari.in Tuesday, Mar 05, 2024 - 07:31 PM (IST)

नालागढ़ (सतविन्द्र): उपमंडल की दभोटा पंचायत की हरिजन बस्ती में एक मकान में फ्रिज का कंप्रैशर फटने से लगी आग से 3 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई है, जबकि माता-पिता भी बुरी तरह से झुलस गए हैं। पिता की हालत नाजुक होने पर उसे पी.जी.आई. रैफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार हादसा सोमवार को देर रात्रि 11 बजे हुआ है। आग दभोटा गांव के रमेश कुमार के घर में लगी। रमेश कुमार का बेटा सतनाम सिंह अपनी पत्नी व 3 साल के बेटे बिहान के साथ अपने कमरे में सोया हुआ था। लाइट न होने से उन्होंने मोमबत्ती जला कर फ्रिज पर रखी थी। इस बीच वे दोनों सो गए लेकिन मोमबत्ती नहीं बुझाई। मोमबत्ती की आग फ्रिज के कंप्रैसर तक चली गई और जिससे धमाका होने से आग पूरे कमरे में फैल गई। सतनाम व उसकी पत्नी का जब धुएं से दम घुटने लगा तो वे डर गए और वे यह भूल गए कि दरवाजा किस ओर है। उन्होंने बचाव के लिए शोर मचाया।

इस पर पूरा गांव रात को वहां जमा हो गया। लोगों ने देखा कि कमरे में आग लगी हुई है। उन्होंने कुल्हाड़ी से दरवाजा काटा। दरवाजा कटने के बाद पति-पत्नी तो निकल गए लेकिन बच्चे को नहीं ला पाए। कमरे में धुआं इतना ज्यादा था कि बच्चे को निकालने का लोगों ने प्रयास किया लेकिन धुएं में किसी को नहीं मिला। लोगों ने पानी डाल कर आग बुझाई लेकिन तब तक बच्चा बुरी तरह से झुलस गया था। बेहोशी की हालत में सतनाम सिंह, उसकी पत्नी व बेटे बिहान को पंजाब के भरतगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से सतनाम सिंह व बिहान को रोपड़ रैफर कर दिया। रोपड़ से दोनों को पी.जी.आई. रैफर किया लेकिन बिहान ने रास्ते में दम तोड़ दिया। सतनाम सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। सतनाम की पत्नी को हालत में सुधार होने पर भरतगढ़ अस्पताल से घर भेज दिया गया है।

पंचायत प्रधान करणबीर सिंह ने बताया कि यह गरीब परिवार है। गांव के सभी लोग परिवार की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव हरदीप सिंह बावा ने भी मौके पर पहुंचकर नुक्सान का जायजा लिया। उन्होंने एस.डी.एम. दिव्यांशु सिंघल को इसके बारे में जानकारी देकर उचित मुआवजा दिलाने की बात कही। उन्होंने परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में 10,000 रुपए की राशि दी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकार से 4 लाख रुपए की मुआवजा राशि भी दिलवाई जाएगी। प्रशासन की ओर से एस.डी.एम. दिव्यांशु सिंघल ने मौके पर तहसीलदार निशा आजाद को भेज कर पीड़ित परिवार को 25,000 रुपए फौरी राहत प्रदान की है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News