Sirmour: महिला व दो बेटों सहित 4 लोग चिट्टे के साथ गिरफ्तार

punjabkesari.in Tuesday, Mar 10, 2026 - 07:50 PM (IST)

नाहन (आशु): जिला सिरमौर पुलिस की एसआईयू टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक महिला, उसके दो बेटों और एक युवती को चिट्टा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि गाड़ी नंबर (एचपी18सी-8477) में लतिका और उसके परिवार के अन्य सदस्य चिट्टा की सप्लाई लेकर कोटड़ी स्थित अपने किराए के मकान की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वाहन को रोककर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान पुलिस ने लतिका पत्नी विनोद कुमार निवासी दुर्गा कालोनी कालाआम्ब जिला अंबाला (हरियाणा), उसके दो बेटे राघवन कुमार उर्फ रोक्स और निखिल कुमार पुत्र विनोद कुमार के अलावा पिंकी उर्फ नेन्सी पुत्री हीरालाल ठाकुर निवासी गलोग नगाली जिला सोलन (हाल निवासी कोटड़ी, नाहन) को काबू किया। आरोपियों के कब्जे से 15.73 ग्राम चिट्टा/स्मैक और 10,450 रुपए नकद बरामद किए गए, जो मादक पदार्थों की कमाई प्रतीत हो रहे हैं।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि इस संबंध में पुलिस थाना नाहन में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अदालत से पुलिस रिमांड लेकर यह पता लगाया जा रहा है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News