प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश सरकार को पूर्ण सहयोग का दिया आश्वासन
punjabkesari.in Monday, Jul 10, 2023 - 08:12 PM (IST)

नादौन (जैन): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा तथा बाढ़ के कारण हुए जान व माल के नुक्सान के संबंध में सोमवार को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से दूरभाष पर बात की और स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने उन्हें बताया कि प्रदेश बाढ़ तथा भारी वर्षा से बुरी तरह से प्रभावित हुआ है जिससे काफी नुक्सान हुआ है। उन्होंने इस प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए केंद्र सरकार से उदार सहायता का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि इस प्राकृतिक आपदा के कारण 17 व्यक्तियों की मृत्यु दर्ज की गई है तथा प्रदेश में हजारों करोड़ रुपए का माली नुक्सान हुआ है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बचाव कार्यों में केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल को तैनात करने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश को इस आपदा से हुए नुक्सान से उबरने के लिए केंद्र सरकार से सहायता की आवश्यकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री से इस संकट से प्रदेश को उबारने के लिए विशेष आर्थिक पैकेज प्रदान करने की अपील की। प्रधानमंत्री ने इस आपदा से बाहर निकलने के लिए प्रदेश को केंद्र सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग तथा हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।