Hamirpur: नेपाल त्रासदी को लेकर केंद्र के संपर्क में हिमाचल सरकार : सीएम
punjabkesari.in Saturday, Aug 29, 2026 - 05:41 PM (IST)
नादौन (जैन): मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नादौन के नए भवन के शिलान्यास कार्यक्रम के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत की। नेपाल में हुई त्रासदी को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल सरकार केंद्र सरकार के संपर्क में है और इस बात की जानकारी जुटाई जा रही है कि इस घटना में हिमाचल प्रदेश का कोई व्यक्ति प्रभावित या शिकार तो नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मामले पर नजर बनाए हुए है और केंद्र से लगातार संपर्क में है। उन्होंने कहा कि नेपाल में हुई घटना चिंताजनक है तथा सरकार की ओर से हर जरूरी जानकारी जुटाई जा रही है।
उन्होंने लॉटरी को लेकर पूछे गए सवाल पर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के लोगों को प्रदेश सरकार के हर फैसले को लेकर चिंता होती है। उन्होंने कहा कि लॉटरी केवल हिमाचल में ही नहीं, बल्कि भाजपा शासित प्रदेशों में भी चल रही है। ऐसे में भाजपा नेताओं को इस मुद्दे पर राजनीति करने की बजाय वास्तविक स्थिति को समझना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जो भी निर्णय ले रही है, वह राज्य के हित को ध्यान में रखते हुए लिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के विकास को गति देना और लोगों के हित में नीतियां लागू करना है।

