Deputy CM मुकेश अग्निहोत्री ने सैंज में किया Ex CM वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण

punjabkesari.in Thursday, Jun 22, 2023 - 08:18 PM (IST)

कुमारसैन (सोनी): हिमालयन वैल्फेयर फाऊंडेशन की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जयंती के अवसर पर कुमारसैन के राणा रामेश्वर सिंह खेल परिसर दरबार मैदान में 2 दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ वीरवार को किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्यातिथि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री रहे। वहीं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। इस अवसर पर उनके साथ रामपुर के विधायक नंद लाल व स्थानीय विधायक कुलदीप सिंह राठौर भी विशेष रूप से मौजूद रहे। हिमालयन वैल्फेयर फाऊंडेशन के अध्यक्ष अतुल शर्मा ने कहा कि संस्था द्वारा पिछले 16 वर्षों से यहां पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत इस बार महिला रस्साकशी व लोकनृत्य प्रतियोगिता तथा रक्तदान शिविर व नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम में आए मुख्यातिथि व अन्य अतिथियों को सम्मानित किया। 
PunjabKesari

प्रदेश के लोगों के दिलों में बसते हैं वीरभद्र सिंह
वहीं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सैंज में पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह 6 दशक तक राजनीति में सक्रिय रहे और प्रदेश के विकास के लिए निरंतर कार्य किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डाॅ. यशवंत सिंह परमार ने हिमाचल प्रदेश के गठन के लिए कार्य किया था और पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह ने आधुनिक हिमाचल का निर्माण किया था। वीरभद्र सिंह प्रदेश के लोगों के दिलों में बसते हैं। इस अवसर पर लोक निर्माण एवं युवा सेवाएं व खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आज सैंज में स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रथम प्रतिमा का अनावरण किया गया है और आने वाले समय में प्रदेश के विभिन्न जगहों पर उनकी प्रतिमा स्थापित की जाएगी।

कुमारसैन बस अड्डा एक माह के भीतर होगा लोकार्पित
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कुमारसैन बस अड्डे को एक माह के अंदर लोगों को समॢपत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, निरथ बांध से ठियोग विधानसभा क्षेत्र की 28 पंचायतों के लिए उठाऊ सिंचाई योजना बनाने के लिए डीपीआर तैयार करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। मुकेश अग्निहोत्री आज कुमारसैन में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। 

कुमारसैन में युवाओं के लिए बनाया जाएगा जिम : विक्रमादित्य सिंह 
इस मौके पर लोक निर्माण तथा युवा सेवाएं व खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के नाम पर एक संस्था चलाई जाएगी, जिसके माध्यम से शिक्षा, अध्ययन आदि क्षेत्रों में कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमें वीरभद्र सिंह के विचारों को केवल प्रतिमा स्थापना तक सीमित नहीं रखना है बल्कि उन्हीं की तरह लोगों की सेवा करनी है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खेल ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए जो प्रयास जरूरी होंगे, वे किए जाएंगे। उन्होंने राणा सोमेश्वर सिंह खेल परिसर में बने स्टेज के निचले हिस्से में जिम खोलने के लिए बजट का प्रावधान करने का आश्वासन दिया, साथ ही कुमारसैन में मल्टीपर्पज हॉल के लिए 25 लाख रुपए के बजट का प्रावधान करने की बात भी कही। इस दौरान दरबार मैदान में रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें एसएसबी जवानों, स्थानीय युवाओं व आईटीआई के छात्रों ने भी रक्तदान किया।

पीएमजीएसवाई के तहत जल्द मिलने वाले हैं 2800 करोड़ 
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हर क्षेत्र में सड़कों को दुरुस्त करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। इसी दिशा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 2400 किलोमीटर सड़कों के लिए 2800 करोड़ रुपए की राशि जल्द मिलने वाली है। उन्होंने बताया कि कुमारसैन की 28 करोड़ रुपए की 2 सड़कों को इस योजना में डाला गया है। इसके अतिरिक्त ठियोग की फागू-चियोग-सैंज सड़क को इस योजना के तहत 30 करोड़ रुपए से अपग्रेड किया जाएगा।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News