सादगी हो तो ऐसी! CM सुक्खू की माता ने बैजनाथ मंदिर में नवाया शीश...लाइन में लगकर किए भोलेनाथ के दर्शन
punjabkesari.in Friday, Apr 03, 2026 - 08:41 PM (IST)
बैजनाथ (विकास बावा): मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की माता संसार देई ने शुक्रवार को सादगी की एक नई मिसाल पेश की। वह अपने परिजनों व गांववासियों के साथ ऐतिहासिक बैजनाथ शिव मंदिर में माथा टेकने पहुंचीं। खास बात यह रही कि प्रदेश के मुख्यमंत्री की माता होने के बावजूद वह एक साधारण ऑल्टो कार में यहां पहुंचीं और बिना किसी वीआईपी सुविधा के आम श्रद्धालुओं की तरह लाइन में लगकर भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की।
इस दौरान उनके साथ उनकी बड़ी बहू अमृत बाला, रिश्तेदार और गांव के महिला मंडल की महिलाएं मौजूद रहीं। बैजनाथ पहुंचने पर राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा, विधायक किशोरी लाल और कांग्रेस नेता रविंद्र बिट्टू ने उनका स्वागत किया। दर्शन करने के उपरांत विधायक किशोरी लाल के आग्रह पर संसार देई ने मंदिर के बाहर चल रहे लंगर में आम लोगों के साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण किया और उपस्थित लोगों से गर्मजोशी से मुलाकात की।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा और विधायक किशोरी लाल ने उन्हें शॉल, टोपी और मंदिर की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया। शिव मंदिर ट्रस्ट ने भी उन्हें पारंपरिक रूप से सम्मानित किया। इस मौके पर रविंद्र बिट्टू, रमेश चड्ढा, मिलाप राणा, रजिंदर परमार व मनीष शर्मा सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्त्ता व स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

