रोहतांग दर्रे में 5 फुट से अधिक हिमपात, लाहौल के राशेल व रापे में हिमस्खलन

punjabkesari.in Saturday, Feb 11, 2023 - 06:24 PM (IST)

पतलीकूहल/केलांग (ब्यूरो): गर्मियों में सैलानियों की पहली पसंद रहने वाले रोहतांग दर्रे में 3 दिनों के भीतर 5 फुट हिमपात हुआ है। अटल टनल के दोनों छोर में भी 4-4 फुट बर्फ  जमा हो गई है। हिमपात के चलते लाहौल का मनाली से संपर्क कट गया है। लाहौल में भारी हिमपात होने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। शुक्रवार से दूरदराज के क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई है जबकि कई क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। सभी जगह वाहनों की आवाजाही भी ठप्प हो गई है। 
PunjabKesari

जिला मुख्यालय केलांग में 2 दिनों के भीतर 1 फुट हिमपात हो चुका है जबकि कोकसर में 4 फुट, सिस्सू, दारचा, छीका, रारिक, सुमदो, जिस्पा, नैनगाहर व खंजर गांव में 3 फुट हिमपात हुआ है। पट्टन घाटी में एक फुट तक बर्फ  गिरी है। स्पीति घाटी में भी हिमपात हो रहा है। मनाली की ओर 3 दिन के भीतर राहनीनाला में 4 फुट, मढ़ी में साढ़े 3 फुट, ब्यासनाला में पौने 3 फुट, राहलाफाल, फातरु, धुंधी, गुलाबा में अढ़ाई फुट, कोठी व सोलंग में 2 फुट हिमपात हुआ है।
PunjabKesari

ऊझी घाटी के पलचान, कुलंग, रुआड़, मझाच, शनाग, बुरुआ, गोशाल, वशिष्ठ और मनाली गांव ने भी बर्फ  की चादर ओढ़ी है। मनाली में भी शनिवार को 2 इंच हिमपात हुआ है। एसडीएम मनाली सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि मनाली के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात हो रहा है। उन्होंने सैलानियों से आग्रह किया कि वे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाएं। 
PunjabKesari

जनजातीय क्षेत्र लाहौल में ताजा हिमपात के बाद हिमस्खलन की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। राशेल व रापे गांव की पहाड़ी में शनिवार को हिमस्खलन हुआ है। हिमस्खलन से बवंडर लगभग 20 मिनट तक हवा में उठता रहा जिसे आसपास के लोगों ने कैमरे में भी कैद किया। जिले में भारी हिमपात के बाद हिमस्खलन की आशंका बढ़ गई है। आपदा प्रबंधन की चेतावनी के बाद लाहौल-स्पीति व कुल्लू प्रशासन ने पहले ही एडवाइजरी जारी कर लोगों को सावधान कर दिया है। 
PunjabKesari

प्रशासन ने घाटी के लोगों से आग्रह किया है कि बर्फबारी के तुरंत बाद मौसम खुलते ही फिलहाल दूरदराज के क्षेत्रों की ओर रुख न करें। ताजा बर्फबारी से हिमस्खलन के खतरे को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। सुमित खिमटा ने घाटी के लोगों से अपील की है कि स्थिति सामान्य होने तक आवाजाही न करें तथा सैलानियों से आग्रह किया है कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न जाएं।
PunjabKesari

उधर, जिला लाहौल-स्पीति में सीमा सड़क संगठन द्वारा जिले के मुख्य मार्गों को खोलने का क्रम जारी है लेकिन रुक-रुक कर हिमपात व बर्फीले तूफान चलने तथा दृश्यता की कमी की वजह से कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है। डीसी लाहौल-स्पीति सुमित खिमटा ने सीमा सड़क संगठन के उच्चाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मौसम की अनुकूलता पर मार्गों को जल्द बहाल किया जाए।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News