लाहौल-स्पीति में हुआ बड़ा हादसा, नदी में जा गिरी चंडीगढ़ के पर्यटकों की गाड़ी और फिर...

punjabkesari.in Saturday, Jun 21, 2025 - 05:16 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति जिले में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जंखर-सुमदो के पास एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर स्पीति नदी में जा गिरी। गनीमत रही कि कार में सवार चंडीगढ़ के पांच लोगों (जिनमें बच्चे भी शामिल थे) की जान बच गई।

यह घटना लाहौल स्पीति के जंखर सुमदो के पास हुई, जहाँ सड़क किनारे से फिसलकर कार सीधे नदी में जा गिरी। जानकारी के अनुसार, चंडीगढ़ का एक परिवार इस गाड़ी में सवार था और कहीं घूमने जा रहा था। गाड़ी में बच्चों समेत कुल पाँच सदस्य थे, जो इस हादसे का शिकार हुए।

जैसे ही स्थानीय लोगों और बीआरओ और इको टूरिज्म सोसाइटी के कर्मचारियों को इस घटना का पता चला, वे तुरंत बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुँचे। इको टूरिज्म सोसाइटी के अध्यक्ष कलजंग ने बताया कि स्थानीय लोगों और बीआरओ की टीम ने मिलकर तेजी से राहत और बचाव अभियान चलाया।

सभी घायल पर्यटकों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला गया और उन्हें तुरंत जिस्पा पहुँचाया गया। बीआरओ के कैंप में प्राथमिक उपचार देकर उनकी हालत स्थिर की गई। इस घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है, जिससे सभी ने राहत की साँस ली है। कलजंग ने स्थानीय लोगों और बीआरओ के प्रयासों की सराहना की, जिनके कारण एक बड़ा हादसा टल गया और सभी पर्यटक सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुँच पाए।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News