देशभर में चम्बा को अग्रिम पंक्ति में लाना हमारी जिम्मेदारी : आशा कुमारी

punjabkesari.in Saturday, Apr 16, 2022 - 08:51 PM (IST)

चम्बा (काकू): चम्बा का गौरवमयी इतिहास रहा है। जब हिमाचल प्रदेश का गठन हुआ था तो अधिकतर जिलों में चम्बा के डीसी नियुक्त हुए थे। इसके अलावा पुलिस का झंडा भी चम्बा का ही था। चम्बा ने हिमाचल को बहुत कुछ दिया है लेकिन आज चम्बा देश के 112 पिछड़े जिलों की सूची में शामिल है। इसमें शायद कुछ हम चम्बावासियों की भी कमियां रही होंगी। अब हमारी ही जिम्मेदारी बनती है कि एक बार फिर चम्बा को देशभर में अग्रिम पंक्ति में लाने के लिए आगे आएं। यह बात डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र की विधायक आशा कुमारी ने चम्बा में आयोजित राजपूत कल्याण सभा के कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि चम्बा में कोलकाता के बाद बिजली उत्पादन शुरू हुआ। देशभर में जहां बिजली नहीं होती थी, वहीं चम्बा में बिजली तैयार कर दी। इसके अलावा पूरे एशिया में सबसे पहले चम्बा में कुष्ठ रोग अस्पताल खुला। 

एक समृद्ध रियासत थी चम्बा

आशा कुमारी ने कहा कि चम्बा रियासत एक समृद्ध रियासत थी। राजा शाम सिंह इस रियासत के अंतिम शासक रहे। उन्होंने अपनी प्रजा के लिए कई सराहनीय कार्य किए। एक समय था जब साक्षरता दर न के बराबर थी, उस जमाने में भी राजा ने चम्बा के होनहार बच्चों को पढ़ाने के लिए भेजा और बाद में वही बच्चे उच्च पदों पर आसीन हुए। उन्होंने कहा कि चम्बा रियासत में जितने भी राजपूत शासकों ने शासन किया, प्रजा हमेशा खुशहाल रही। उन्होंने कहा कि आज भी चम्बा में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। हाल ही में ललिता वकील को चम्बा रुमाल के लिए पद्मश्री अवार्ड मिला है। यह चम्बा के लिए गौरव की बात है। इस अवसर पर डीसी दुनी चंद राणा, कांग्रेस प्रदेश सचिव धर्म सिंह पठानिया भी मौजूद रहे।

चमेश्नी माता मंदिर का किया जाए जीर्णोद्धार

आशा कुमारी ने बताया कि चमेश्नी माता राज परिवार की कुलदेवी हैं। यह काफी प्राचीन मंदिर है, लेकिन अब इसके पिल्लर जर्जर हो गए हैं। नींव भी खोखली हो रही है। इस मंदिर के जीर्णोद्धार की जरूरत है। उन्होंने डीसी दुनी चंद राणा से आग्रह किया है कि इसका जीर्णोद्धार किया जाए। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News