Shimla News: 1 माह से लापता चल रहा था व्यक्ति...जंगल में इस हालत में मिला शव, इलाके में फैली सनसनी

punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2026 - 04:11 PM (IST)

शिमला (संतोष): हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के तहत आने वाली सुन्नी तहसील के बडमैण धार (जांडर) जंगल में एक व्यक्ति का पेड़ से लटका हुआ अत्यधिक सड़ा-गला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शव की शिनाख्त पिछले करीब एक महीने से लापता चल रहे 48 वर्षीय प्रेम प्रकाश के रूप में हुई है, जो सुन्नी तहसील के ही गांव जुब्बड (डाकघर दुर्गापुर) के रहने वाले थे। पुलिस ने सूचना मिलते ही शव को अपने कब्जे में ले लिया है और सिविल अस्पताल सुन्नी के शवगृह में पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस पूरी घटना का खुलासा तब हुआ जब जुब्बड निवासी इंद्र ने दूरभाष के माध्यम से पुलिस थाना सुन्नी को जंगल में शव होने की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, जहां एक देवदार के पेड़ की टहनी से पीली व लाल रंग की रस्सी के सहारे एक शव लटका हुआ पाया गया। शव इस कदर गल-सड़ चुका था कि उसे पहचानना बेहद मुश्किल था, लेकिन मौके पर मौजूद पिता नील चंद, भाई इंद्र और अन्य ग्रामीणों ने मृतक के कपड़ों, रस्सी और शारीरिक कद-काठी के आधार पर उसकी पहचान प्रेम प्रकाश के रूप में की।

पारिवारिक रिकॉर्ड के अनुसार प्रेम प्रकाश बीते 21 मई से अचानक रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता चल रहे थे, जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट परिजनों ने पहले ही सुन्नी थाने में दर्ज करवा रखी थी। शव की अत्यंत खराब स्थिति को देखते हुए यह अंदेशा जताया जा रहा है कि व्यक्ति की मौत करीब 30 से 35 दिन पहले हुई है। मौके पर मौजूद परिजनों ने इस घटना को लेकर किसी भी प्रकार का शक या साजिश की आशंका नहीं जताई है और उन्होंने इसे फंदा लगाकर की गई आत्महत्या बताया है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के असली कारणों की पुष्टि हो सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News