बागियों ने देवभूमि हिमाचल में अवसरवादिता का रच दिया नया इतिहास : विक्रमादित्य सिंह

punjabkesari.in Sunday, Mar 10, 2024 - 07:27 PM (IST)

सोलन (नरेश पाल): लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बागियों पर बरसते हुए कहा कि देवभूमि हिमाचल में अवसरवादिता का एक नया इतिहास रचा गया है। सोलन में जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज हमें अग्निपरीक्षा से गुजरना पड़ रहा है। जिस तरह से सीता माता अग्निपरीक्षा से पाक साफ बाहर निकली थीं, उसी तरह प्रदेश में कांग्रेस सरकार एवं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी इस अग्निपरीक्षा से पाक साफ बाहर निकलेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की तारीफ करते हुए कहा कि आपका दिल बड़ा है। आप हमेशा कहते हैं कि सुबह का भूला यदि शाम को वापस लौट आए तो उसे माफ किया जा सकता है, लेकिन जो गलती बार-बार करे और अपने पांव पर कुल्हाड़ी मारे तो उनका भगवान भी कुछ नहीं कर सकता।

जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ हो कार्रवाई
विक्रमादित्य सिंह ने राज्यसभा में क्रॉस वोटिंग के लिए प्रदेश की खुफिया एजैंसियों की नाकामी करार दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को उन पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए, जिनकी नाकामी से यह सब हुआ है। यह कोई मजाक का विषय नहीं है। यह इंटैलीजैंस फेलियर है। हरियाणा की पुलिस व सीआरपीएफ यहां पहुंच गई और खुफिया एजैंसियों को भनक तक नहीं लगी। विक्रमादित्य सिंह ने सोलन के पुराने बस स्टैंड पर आयोजित जनसभा में कहा कि सोलन का यह मंच बहुत ऐतिहासिक है। यहां से सरकारें बनती भी हैं और गिरती भी हैं। जब नगर निगम के चुनाव हुए थे तब भी उन्होंने यहां से जनसभा को सम्बोधित किया था और जीत मिली थी।

सरकार की मजबूती का संदेश दिया
मुख्यमंत्री व लोक निर्माण मंत्री ने सोलन में एक साथ मंच सांझा कर सरकार की मजबूती का संदेश दिया। राज्यसभा चुनाव के बाद से सरकार पर छाए संकट के बीच यह पहला मौका था जब सुक्खू व विक्रमादित्य सिंह किसी कार्यक्रम में एक साथ आए हों। इससे लग रहा है कि इन दोनों नेताओं के बीच पिछले दिनों दिखाई पड़ रही तल्खी अब दूर हो गई है। ऐसा मौका भी आया जब कार्यकर्त्ताओं द्वारा मुख्यमंत्री के गले में मालाएं डाली जा रही थीं तो मुख्यमंत्री ने कुछ मालाएं अपने गले से निकाल कर विक्रमादित्य सिंह को पहना दीं। स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल ने भी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की जमकर तारीफ की।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News