CM के खिलाफ टिप्पणियों को लेकर मंत्री राकेश पठानिया को आया गुस्सा, मुकेश अग्निहोत्री को दी ये चेतावनी

punjabkesari.in Friday, Jun 24, 2022 - 07:21 PM (IST)

शिमला (भूपिन्द्र): वन एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री द्वारा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के खिलाफ की गईं टिप्पणियों के विरोध में कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने अग्निहोत्री को चेतावनी देते हुए कहा कि हमने चूड़ियां नहीं पहन रखी हैं। घटिया बयानबाजी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अग्निहोत्री द्वारा सहेली शब्द का प्रयोग करने पर भी आपत्ति जताई तथा चेतावनी दी कि अग्निहोत्री मुख्यमंत्री के खिलाफ की गईं टिप्पणियों पर माफी मांगें अन्यथा उनके पास अन्य विकल्प खुले हैं, जिसमें वह न्यायालय की शरण भी ले सकते हैं। यह बात उन्होंने शुक्रवार को शिमला में पत्रकार वार्ता में कही। 

अग्निहोत्री प्रदेशाध्यक्ष नहीं बने तो इसमें भाजपा का क्या दोष
बता दें कि अग्निहोत्री ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री ने उनकी पत्नी व बेटी का नाम लिया। मुख्यमंत्री का हैलीकॉप्टर सहेलियों के लिए है तथा सीएम ओकओवर खाली करें। इस पर आपत्ति जताते हुए पठानिया ने कहा कि कुंठा के कारण अग्निहोत्री इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नहीं बने तो इसमें भाजपा का क्या दोष है। मुख्यमंत्री ने उनकी बेटी व पत्नी का नाम नहीं लिया। साथ ही उन्होंने सहेलियों के लिए हैलीकॉप्टर की बात को प्रमाणित करने की चुनौती दी तथा आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाओं की पूजा होती है लेकिन अग्निहोत्री इस तरह के शब्दों का प्रयोग कर उनका अपमान कर रहे हैं। 

देश में अब बदल  रहा रिवाज
राकेश पठानिया ने कहा कि देश में अब रिवाज बदल रहा है। इसका उदाहरण उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड आदि राज्य हैं। अब हिमाचल में भी फिर से भाजपा की सरकार बनेगी। इससे स्पष्ट है कि देश कांग्रेस मुक्त भारत की ओर बढ़ रहा है। 

कुंठाग्रस्त हो गए हैं अग्निहोत्री
राकेश पठानिया ने कहा कि मुकेश अग्निहोत्री कुंठाग्रस्त हो गए हैं। पार्टी में वह न तो प्रदेशाध्यक्ष बन पाए और न ही प्रचार समिति के अध्यक्ष। इस पर प्रदेश कांग्रेस प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ऊना में मंच से सरेआम कहा कि नारे लगाने व जोर लगाने से टिकटें नहीं मिलतीं। टिकटें सर्वे के आधार पर ही मिलेंगी। इस सब प्रकरण से अग्रिहोत्री निराश हैं तथा वह इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं। 

अपने समय में किए कार्यों को गिनाएं अग्निहोत्री
राकेश पठानिया ने कहा कि राजनीति काम के आधार पर होती है। भाजपा लोगों को अपने काम बता रही है। उन्होंने कहा कि अग्निहोत्री मंत्री रहते अपने 5 साल के कार्यकाल में किए कामों को गिनाएं। पठानिया ने सवाल किया कि उन्होंने पंडोगा में औद्योगिक क्षेत्र तथा टाहलीवाल में सीएफसी क्यों बनाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में राजनीति का स्तर गिर गया है। उन्होंने अग्रिहोत्री को भाषा पर संयम बरतने की सलाह दी है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News