अवैध खनन रोकने को खुद फील्ड में उतरे DFO कुल्लू, 3 रेंज की टीमों के साथ संवेदनशील ठिकानों पर दी दबिश

punjabkesari.in Saturday, Nov 28, 2026 - 12:32 PM (IST)

कुल्लू (धनी राम): जिला कुल्लू में प्राकृतिक संसाधनों के दोहन, अवैध खनन और पत्थरों के अनधिकृत परिवहन से जुड़ी शिकायतों पर वन विभाग ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। बीते शुक्रवार की रात अंधेरे की आड़ में होने वाली अवैध खनन गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) कुल्लू सनी वर्मा खुद फील्ड में उतरे। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष रात्रि गश्त कर अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को कड़ा संदेश दिया है। बता दें कि इससे पहले रेंज अधिकारी ही रात्रि गश्त करते थे। 

पलचान से कुल्लू तक तीन रेंज की टीमों ने चलाया संयुक्त अभियान
डीएफओ सनी वर्मा के नेतृत्व में चले इस विशेष अभियान में मनाली, कुल्लू और पतलीकूहल के वन परिक्षेत्र अधिकारी (आरएफओ) अपनी-अपनी टीमों के साथ मुस्तैद रहे। इस संयुक्त दल ने मनाली के पलचान से लेकर कुल्लू तक चिन्हित किए गए विभिन्न संवेदनशील स्थलों का रात्रि निरीक्षण किया और गश्त लगाई। इस औचक कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य रात के समय सक्रिय होने वाले खनन माफिया की गतिविधियों को रोकना, नदी क्षेत्र से पत्थरों के अवैध उत्खनन पर नजर रखना और खनिज सामग्री के अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना था।

नियमित गश्त और सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएफओ कुल्लू ने सभी वन परिक्षेत्र अधिकारियों और फील्ड स्टाफ को संवेदनशील इलाकों में नियमित रूप से रात्रि गश्त सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि अवैध खनन की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध बिना किसी ढिलाई के नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। वन विभाग द्वारा जिले के प्राकृतिक संसाधनों, वन क्षेत्रों तथा नदी पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण के लिए अब निगरानी और प्रवर्तन गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।

प्राकृतिक संपदा बचाने के लिए जनता से सहयोग की अपील
विभागीय स्तर पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही वन विभाग ने स्थानीय नागरिकों से भी पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम में सहयोग मांगा है। विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि उनके संज्ञान में अवैध खनन अथवा प्राकृतिक संसाधनों को नुक्सान पहुंचाने वाली कोई भी गतिविधि आती है, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News