चंबा के भरमौर में टला बड़ा हादसा, ब्रेक फेल होने पर चालक ने पहाड़ी से टकराई वैन; 2 लोग गंभीर घायल

punjabkesari.in Friday, Aug 14, 2026 - 11:50 AM (IST)

Chamba News (उत्तम) : भरमौर क्षेत्र के लहाल ढांक में शुक्रवार सुबह एक मारुति वैन के ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा टल गया, चालक की सूझबूझ से वैन पहाड़ी से टकराकर रुक गई। वहीं, इस हादसे में दो लोग गंभीर घायल हुए हैं, जबकि अन्य सवारों को भी चोटें आई हैं।

जानकारी के मुताबिक,  घटना के समय वैन में बच्चों और बड़ों समेत कुल नौ लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह तहसील के सेरी गांव निवासी एक परिवार अपने बच्चे के मुंडन कार्यक्रम के लिए भरमौर के प्रसिद्ध चौरासी मंदिर परिसर आया था। धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद परिवार के सदस्य मारुति वैन में सवार होकर वापस जा रहे थे। इसी दौरान लहाल ढांक में प्रथम कैलाश दर्शन के समीप अचानक वाहन की ब्रेक फेल हो गई। गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया। चालक ने अनियंत्रित वाहन को खाई की तरफ जाने के बजाय पहाड़ी की ओर मोड़ दिया। पहाड़ी से टक्कर के बाद वैन रुक गई और एक बड़ा हादसा होने से टल गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकाला।

वहीं, इस घटना में दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल भरमौर ले जाया गया। अन्य सवारों को भी चोटें आने की जानकारी है। हादसे में शामिल मारुति वैन का नंबर JK-06A-3241 बताया जा रहा है। गनीमत यह रही कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को नियंत्रित करने का प्रयास किया। अगर चालक पहाड़ी से गाड़ी को नहीं टकराता तो सीधे बुद्धिल नदी में जा पहुंचते। 

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News