शहीद सेना जवान का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार

punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2020 - 01:06 PM (IST)

नाहन (सतीश शर्मा) : जम्मू कश्मीर के उधमपुर में शहीद हुए सेना जवान हवालदार सुरेश कुमार ठाकुर का आज सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। आज सुबह करीब 9 बजे सेना जवान की पार्थिव देह पैतृक गांव पहुंची। सेना जवान के अंतिम दर्शन के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग उनके गांव कत्याड पहुंचे हुए थे, जिन्होंने शहीद की अंतिम यात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान पूरा क्षेत्र भारत माता की जय और शहीद सुरेश ठाकुर अमर रहे के नारों से गूंज उठा। फर्स्ट पैरा आर्मी व पुलिस के जवानों ने शहीद को सलामी दी।

शहीद सुरेश कुमार ठाकुर को उनके बेटे आर्यन व विवेक ने मुखाग्नि दी। इस दौरान विधायक राजीव बिंदल भी मौजूद रहे। विधायक राजीव बिंदल ने शहीद परिवार के प्रति सांत्वना व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय सीमाओं की रक्षा करते हुए सेना के जवान सुरेश कुमार ठाकुर वीरगति को प्राप्त हुए है राष्ट्र के प्रति उनकी सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए सिरमौर जिला से अभी तक 40 जवानों ने अपनी शहादत दी है। गौर हो सेना जवान सुरेश कुमार ठाकुर  मंगलवार 29 सितंबर को उस समय शहीद हुए जब सेना का एक वाहन उधमपुर से श्रीनगर की तरफ जाते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

prashant sharma

Recommended News

Related News