Manimahesh Yatra: शिवभक्तों के लिए हड़सर से डल झील तक का ट्रैक पूरी तरह सेफ, बेझिझक करें यात्रा

punjabkesari.in Friday, Sep 04, 2026 - 07:04 PM (IST)

भरमौर (उत्तम): उत्तरी भारत की प्रसिद्ध और कठिन तीर्थ यात्राओं में शुमार श्री मणिमहेश यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संचालन को लेकर भरमौर प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। प्रशासन द्वारा यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा ने मणिमहेश डल झील से लेकर हड़सर तक के पैदल यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एडीएम विकास शर्मा ने मणिमहेश से हड़सर तक विभिन्न स्थानों पर रास्तों की स्थिति को बारीकी से परखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और फील्ड स्टाफ से मार्ग की वर्तमान स्थिति और यात्रियों की आवाजाही को लेकर फीडबैक लिया। निरीक्षण के बाद एडीएम ने स्पष्ट किया कि हड़सर से श्री मणिमहेश तक का पैदल यात्रा मार्ग वर्तमान में यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह से ठीक है और यात्रा सुचारू रूप से चल रही है।

एडीएम ने बताया कि प्रशासन के लिए मणिमहेश जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए मार्ग पर लगातार नजर रखी जा रही है। उन्होंने माना कि पैदल मार्ग पर कुछ स्थानों पर रास्ता थोड़ा क्षतिग्रस्त हुआ है। प्रशासन ने इन स्थानों को तुरंत चिन्हित कर लिया है और वहां मुरम्मत व सुधार कार्य युद्धस्तर पर शुरू करवा दिया गया है।

एडीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मुरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा या खतरे का सामना न करना पड़े। प्रशासन की इस सक्रियता से मणिमहेश जाने वाले श्रद्धालुओं में भी सुरक्षा का भाव बढ़ा है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News