मंडी जोनल अस्पताल की OPD पर्ची का नया शुल्क तय, ADC ने कैशलैस पेमैंट के लिए जारी किए ये आदेश
punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2026 - 05:12 PM (IST)
मंडी (ब्यूरो): मंडी के जोनल अस्पताल में आने वाले मरीजों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण खबर है। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) गुरसिमर सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को जोनल अस्पताल मंडी की रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) की शासी निकाय की बैठक आयोजित की गई। इस उच्च स्तरीय बैठक में अस्पताल की वित्तीय स्थिति, मरीजों को मिल रही सुविधाओं, अस्पताल के रखरखाव और आगामी विकास कार्यों की गहन समीक्षा की गई। समीक्षा के बाद बैठक में अस्पताल के ओपीडी पर्ची शुल्क को 10 रुपए करने के नए प्रस्ताव को आधिकारिक मंजूरी प्रदान कर दी गई।
इस बदलाव के साथ ही अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ने मरीजों के हितों की रक्षा के लिए एक बड़ा दिशा-निर्देश भी जारी किया है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को सख्त लहजे में कहा कि इस नई पर्ची शुल्क व्यवस्था को जमीनी स्तर पर शुरू करने से पहले यह पुख्ता इंतजाम किया जाए कि यदि किसी रोगी को अस्पताल में एक से अधिक डॉक्टरों या विशेषज्ञों से परामर्श लेना हो, तो उसे बार-बार पैसे न देने पड़ें। प्रशासन ऐसी सुचारू व्यवस्था बनाए, जिससे मरीज एक ही पर्ची के माध्यम से अस्पताल के सभी संबंधित चिकित्सकों को अपनी जांच करवा सके। उन्होंने साफ किया कि मरीजों की सुविधा ही प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और उन्हें किसी भी सूरत में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
इसके साथ ही अस्पताल को आधुनिक और डिजिटल बनाने की दिशा में भी एडीसी ने एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि पर्ची शुल्क के काऊंटर पर तुरंत क्यूआर कोड आधारित डिजिटल भुगतान व्यवस्था शुरू की जाए। इस डिजिटल व्यवस्था के लागू होने से काऊंटर पर इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को नकद भुगतान करने की झंझट और खुले पैसों की किल्लत से बड़ी राहत मिलेगी। एडीसी ने कहा कि डिजिटल पेमैंट मोड शुरू होने से शुल्क जमा करने की पूरी प्रक्रिया बेहद सरल, त्वरित और पारदर्शी बन जाएगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

