Mandi: आपदा में जनता को अकेला छोड़ दिल्ली भाग रहे मुख्यमंत्री : जयराम

punjabkesari.in Saturday, Sep 13, 2025 - 06:51 PM (IST)

मंडी (रजनीश): पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार पर असंवेदनशीलता का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि केंद्र के 7 मंत्री हिमाचल के लोगों का दुःख-दर्द सुनने के लिए आए हैं लेकिन सरकार का एक भी मंत्री फील्ड में नजर नहीं आ रहा है। जब भी कोई प्राकृतिक आपदा आती है, तो मुख्यमंत्री जनता को छोड़कर दिल्ली चले जाते हैं। जब चम्बा में इतनी बड़ी आपदा आई तो मुख्यमंत्री अपने नेता राहुल गांधी के साथ चुनाव प्रचार के लिए बिहार चले गए। उन्होंने कहा कि क्या जनता ने उन्हें इसलिए चुना है? मुख्यमंत्री एक असंवेदनशील व्यक्ति हैं, जिन्हें जनता की तकलीफ से कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्हें तो सिर्फ अपने गांधी परिवार के नेताओं के नाराज होने की चिंता सताती है।

उन्होंने कहा कि इस बार की आपदा से इतना नुक्सान हुआ है कि इसकी भरपाई कोई नहीं कर सकता। उन्होंने दावा किया कि भाजपा पहले दिन से ही जनता के बीच है और राहत सामग्री पहुंचा रही है। हमारी पार्टी राहत लेकर जनता के बीच जा रही है, लेकिन कांग्रेस पार्टी पीड़ितों को दी गई एक बोरी राशन भी नहीं दिखा सकती। उन्होंने बताया कि देशभर के भाजपा नेताओं और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने सुक्खू सरकार को 5-5 करोड़ रुपए की राहत राशि दी है, साथ ही दर्जनों ट्रक राहत सामग्री भी भेजी है।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार राहत कार्यों में भेदभाव कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा करने आए थे और पीड़ित परिवारों से मिले थे। प्रधानमंत्री ने 1,500 करोड़ रुपए की राहत राशि जारी करने की घोषणा भी की, लेकिन कांग्रेस नेता कह रहे हैं कि कोई मदद नहीं मिली। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस नेता सिर्फ उन्हें और केंद्र सरकार को कोसने में लगे हैं। अगर मुझे गाली देने से लोगों के घर बन जाते हैं, तो रोज दें। अगर केंद्र को कोसने से प्रदेश का भला होता है, तो रोज कोसें।

लेकिन जनता समझ चुकी है कि उनके दुःख-दर्द में कौन खड़ा है और कौन शिमला से बाहर नहीं निकल पाया? इस दौरान जयराम ठाकुर ने द्रंग विधानसभा के औट, पलसेहड़, स्वाखरी, टिक्कर, कथयारी, राहला और कटौला पंचायतों के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि इस इलाके में भूस्खलन से कई घरों और बागवानों की नकदी फसलों को नुक्सान पहुंचा है, लेकिन सरकार का कोई मंत्री यहां नहीं पहुंचा। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया और राहत सामग्री भी उपलब्ध कराई। इस दौरान उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद शर्मा, मेहर चंद भारती और भी मौजूद थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News