Mandi: सीएम संगठन से लेकर सरकार तक अपने चहेतों का गुट चला रहे : जयराम
punjabkesari.in Monday, Jun 08, 2026 - 10:38 PM (IST)
मंडी (रजनीश): पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और पूर्व मुख्य संसदीय सचिव नीरज भारती के बीच चल रही जुबानी जंग पर कड़ा रुख अख्तियार करते हुए मंडी में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान कहा कि प्रदेश की वर्तमान सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार के दलदल में डूब चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह से पंगु होकर रह गया है, जहां बिना लेन-देन के कोई भी जनहित का कार्य संभव नहीं हो पा रहा है।
मंडी जिला परिषद की कुल 36 सीटों में से 29 सदस्यों ने शपथ ग्रहण करने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से शिष्टाचार भेंट की। जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के राजनीतिक इतिहास में स्थानीय निकाय और पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस पार्टी की ऐसी दुर्गति पहले कभी नहीं हुई, क्योंकि प्रदेशभर में करीब 75 प्रतिशत प्रधान और उपप्रधान भाजपा समर्थित जीते हैं और नगर निगमों के चार में से तीन स्थानों पर भाजपा ने शानदार विजय दर्ज की है।
उन्हाेंने कहा कि वर्तमान सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है, जिसका स्पष्ट प्रमाण यह है कि मुख्यमंत्री अपने गृह जिले में मात्र एक जिला परिषद सीट ही जीत पाए हैं, और इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री के अपने विधानसभा क्षेत्र नादौन में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 जिला परिषद सीटों पर जीत का परचम लहराया है, जिससे नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इन विफलताओं के बावजूद मुख्यमंत्री झूठ का सहारा लेकर कांग्रेस हाईकमान के सामने अपनी प्रशासनिक और राजनीतिक नाकामी को छिपाने का असफल प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए भविष्यवाणी की कि 2027 में कांग्रेस इतनी बुरी तरह सिमट जाएगी कि उनके कुल जीतकर आने वाले विधायकों की संख्या एक छोटी आल्टो कार में आ जाएगी।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाते हुए कहा कि जो मुख्यमंत्री भाजपा पर गुटबाजी का झूठा आरोप लगाते हैं, वे खुद संगठन से लेकर सरकार तक केवल अपने चहेतों का एक विशिष्ट गुट चला रहे हैं क्योंकि अब उनकी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता जैसे कौल सिंह ठाकुर, चंद्र कुमार और उनके बेटे नीरज भारती खुलकर सरकार की कार्यप्रणाली के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं, जो यह साबित करता है कि कांग्रेस के भीतर सब कुछ ठीक नहीं है। इस मौके पर पर विधायक अनिल शर्मा, विनोद कुमार, पूर्ण चंद, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा और भाजपा जिलाध्यक्ष निहाल चंद सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे।

