मुख्यमंत्री के जिले से एक भी विधायक उनके साथ नहीं : जयराम

punjabkesari.in Monday, Mar 11, 2024 - 10:21 PM (IST)

मंडी (रजनीश): पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के 6 बागी विधायकों के खिलाफ दर्ज एफ.आई.आर. को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। सोमवार को शिवरात्रि महोत्सव में देवताओं के दर्शन करने के बाद उन्होंने कहा कि जिन 6 विधायकों ने भाजपा को राज्यसभा में समर्थन दिया है, उन्हें एफ.आई.आर. दर्ज करके प्रताड़ित करने का प्रयास किया जा रहा है। आज बागी विधायकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, लेकिन सरकार खुद अपने विधायकों को जैड प्लस सिक्योरिटी दे रही है, जोकि दुर्भाग्यपूर्ण है। जयराम ने कहा कि सरकार अपना बहुमत खो चुकी है, इसलिए इस प्रकार का कृत्य किया जा रहा है। यदि बहुमत है तो उसे साबित करें। उन्होंने कहा कि सरकार तुरंत प्रभाव से इन एफ.आई.आर. को वापस ले नहीं तो फिर सरकार को भविष्य में इसके गंभीर परिणाम भुगतने पडे़ंगे। हास्यास्पद यह भी है कि मुख्यमंत्री के अपने जिले का एक भी विधायक आज उनके साथ नहीं है। अपनी कुर्सी खतरे में देख मुख्यमंत्री बदले की भावना से काम कर रहे हैं, इसलिए उन्हें नैतिकता के आधार पर स्वयं इस्तीफा दे देना चाहिए।

राज्यसभा सीट हारने के बाद बौखलाहट में हैं सुक्खू
जयराम ठाकुर ने कहा कि राज्यसभा सीट हारने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बौखलाहट में हैं और लगता है कि उन्हें हाईकमान से कड़ी फटकार लगी है। हम शुरू से कह रहे हैं कांग्रेस सरकार और संगठन में कोई तालमेल नहीं है और आज कांग्रेस के अंदर यह असंतोष इनकी अपनी वजह से फैला है। उन्होंने कहा कि मंडी शिवरात्रि के मंच का जिस प्रकार मुख्यमंत्री ने अपनी राजनीतिक भड़ास निकालने के लिए प्रयोग किया, वह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है और उनकी अमर्यादित भाषा ही उनकी हताशा को दर्शा रही है। कुल मिलाकर देव संस्कृति के संरक्षण और संवर्द्धन का संदेश देने की बजाय मुख्यमंत्री ने इसे राजनीतिक प्रतिशोध का मंच बना दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Recommended News

Related News