देश के सबसे लंबे रूट दिल्ली-लेह पर बस सेवा बंद

punjabkesari.in Monday, Sep 16, 2019 - 06:01 PM (IST)

मनाली, (सोनू): हिमाचल पथ परिवहन निगम के सबसे लंबे रूट 1070 किलोमीटर दिल्ली-लेह मार्ग पर चलने वाली केलांग से लेह बस सेवा को बंद कर दिया गया है। करीब साढ़े 3 माह तक सेवा देने के बाद एच.आर.टी.सी. ने 15 सितम्बर के बाद से अधिकारिक तौर पर इसे बंद कर दिया है। इस साल 20 जून को केलांग एस.डी.एम. अमर नेगी ने हरी झंडी देकर दिल्ली-लेह बस सेवा की शुरूआत की थी। अब यह बस सेवा जिला मुख्यालय केलांग से आगे नहीं जाएगी तथा दिल्ली से केलांग तक ही फिलहाल जारी रहेगी। दूसरी ओर पर्यटन निगम ने भी अपनी मनाली-लेह की लग्जरी बस सेवा आज से बंद कर दी है।

मौसम के मिजाज और बर्फबारी की आशंका के चलते लिया निर्णय

निगम ने इस साल 1 जुलाई से मनाली-लेह के लिए बस सेवा शुरू की थी। एच.आर.टी.सी. के क्षेत्रीय प्रबंधक मंगल चंद मनेपा ने बताया कि दिल्ली से लेह रूट पर चलने वाली निगम की यह बस सेवा देश में सबसे लंबे रूटों में शामिल है। इसमें निगम के 6 चालक और परिचालक सेवा देते हैं। बारलाचा तथा तंगलंगला दर्रा होकर गुजरने वाला यह रूट 18,000 फुट की ऊंचाई से होकर गुजरता है। इस दूरी को तय करने में 32 घंटे का समय लगता है। मौसम के मिजाज और बर्फबारी की आशंका को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर निगम ने बस सेवा को बंद करने का निर्णय लिया है। दूसरी ओर पर्यटन निगम मनाली के सहायक महाप्रबंधक अनिल तनेजा ने बताया कि मौसम को देखते हुए निगम ने भी 15 सितम्बर से अपनी बस सेवा बंद कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Kuldeep

Recommended News

Related News