हिमाचल में बड़ा हादसा: कोटली में गहरी खाई में गिरी गाड़ी, दो की मौत, महिला गंभीर घायल
punjabkesari.in Monday, Sep 08, 2025 - 10:18 AM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के कोटली उपमंडल में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा कोटली-कून सड़क पर द्रुबल पंचायत के अलग गांव के पास हुआ। एक टाटा सूमो गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 40 फीट नीचे खाई में गिर गई, जिससे यह बड़ा हादसा हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टाटा सूमो कोटली से कून गांव की ओर जा रही थी, जिसमें चालक सहित तीन लोग सवार थे। अचानक, गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे एक घर के पास बने शौचालय के पास जा रुकी। इस हादसे में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के तुरंत बाद, स्थानीय लोगों और द्रुबल पंचायत की प्रधान रेखा ठाकुर ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को कोटली अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने गाड़ी के चालक 48 वर्षीय पवन कुमार पुत्र सुधामा राम निवासी कून को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, हादसे में घायल पवन कुमार की पत्नी रमा देवी और अच्छर सिंह गांव बड़ू को गंभीर हालत में मंडी के जोनल अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन दुर्भाग्यवश, मंडी अस्पताल में उपचार के दौरान अच्छर सिंह ने भी दम तोड़ दिया। घायल महिला रमा देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर भेजा गया है।
एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने इस घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
द्रुबल पंचायत की प्रधान रेखा ठाकुर ने बताया कि यह घटना बेहद दुखद है। उन्होंने कहा कि जैसे ही उन्हें हादसे की सूचना मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि यह लोग अपने घर की ओर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में यह दुखद हादसा हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है।