भयानक हादसा: घर के पास ही गहरी खाई में गिर गई जीप...उड़े परखच्चे, चालक की माैत
punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 07:55 PM (IST)
सुंदरनगर (सोढी): हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला मंडी जिला में पेश आया है। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना बीएसएल कालोनी के तहत आने वाली निहरी पुलिस चौकी के अंतर्गत खटीधार रोड पर एक पिकअप जीप अनियंत्रित होकर करीब 250 फुट गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में जीप चालक की जान चली गई। विडंबना यह रही कि यह हादसा मृतक के घर से महज कुछ ही दूरी पर हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार देर रात का है। पुलिस में दर्ज करवाई गई प्राथमिकी में स्थानीय निवासी हुकम चंद (गांव शलोग) ने बताया कि रात के समय उन्होंने जंगल की तरफ से एक जोर की आवाज सुनी। अनहोनी की आशंका होने पर जब वे अन्य ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे, तो देखा कि एक पिकअप जीप सड़क से नीचे लुढ़क कर ढांक (खाई) में फंसी हुई थी।
ग्रामीणों ने तुरंत नीचे उतरकर देखा तो पाया कि जीप के परखच्चे उड़ चुके थे जबकि चालक हीरा सिंह (46) पुत्र कुशल चंद, निवासी गांव शलोग घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल को खाई से बाहर निकाला और उपचार के लिए तुरंत नेरचौक स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। यहां पर चिकित्सकों ने जांच के उपरांत हीरा सिंह को मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने घर के बेहद करीब पहुंच चुका था, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

