मंडी में फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा, पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थर...सुपरवाइजर की गई जान
punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 03:17 PM (IST)
Mandi News: हिमाचल के मंडी जिले के अंतर्गत औट तहसील के शालानाल क्षेत्र में फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान एक हृदयविदारक हादसा पेश आया है। यहां पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थर की चपेट में आने से निर्माण कंपनी के एक सुपरवाइजर की मौत हो गई। वहीं, इस घटना के बाद मृतक के पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
ड्यूटी के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को 42 वर्षीय मोहर सिंह, जो कि शालानाल (टनीपरी) के निवासी थे, थलौट के पास फोरलेन निर्माण स्थल पर नाली सफाई के कार्य की देखरेख कर रहे थे। इसी दौरान ऊपर पहाड़ी से एक विशाल पत्थर सीधे उन पर आ गिरा। पत्थर की चपेट में आने से मोहर सिंह बुरी तरह लहूलुहान हो गए। घायल अवस्था में मोहर सिंह को तुरंत कुल्लू अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें एम्स (AIIMS) बिलासपुर रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, देर रात इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। मृतक संबंधित निर्माण कंपनी में बतौर सुपरवाइजर सेवाएं दे रहे थे।
प्रशासन ने दी फौरी राहत
एनएचएआई (NHAI) पीआईयू मंडी के परियोजना निदेशक वरुण चारी ने हादसे की पुष्टि करते हुए इसे एक आकस्मिक घटना बताया है। वहीं, औट के तहसीलदार रमेश राणा ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन की ओर से 25,000 रुपये की फौरी सहायता राशि प्रदान की है।

