Bilaspur: चिट्टे का मुख्य सप्लायर अमृतसर से गिरफ्तार
punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 09:02 PM (IST)
घुमारवीं (जम्वाल): घुमारवीं पुलिस ने मार्च माह में पकड़े गए 14.1 ग्राम चिट्टे के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी आकाशदीप (25) पुत्र रणजीत सिंह निवासी मंडियाला जिला अमृतसर पंजाब को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार थाना घुमारवीं में गत 21 मार्च को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने 2 युवकों के कब्जे से 14.1 ग्राम चिट्टा, 15,670 रुपए नकद तथा एक इलैक्ट्रॉनिक वजन मशीन बरामद की थी। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को नशा तस्करी के नैटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिले, जिसके बाद पुलिस लगातार मामले की तहकीकात में जुटी रही। पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचनाओं के आधार पर विशेष जाल बिछाया तथा अमृतसर में दबिश देकर मुख्य सप्लायर आकाशदीप को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को गुरुवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर नशा तस्करी के नैटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और सप्लाई चेन की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

