हिमाचल में एक और मर्डर, सड़क किनारे पड़ा था युवक का शव; सिर और गर्दन पर मिले चोट के निशान

punjabkesari.in Tuesday, Oct 20, 2026 - 01:22 PM (IST)

Shimla News : हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक सनसनी वारदात सामने आया है, जहां पर नेपाली युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसका खून से लथपथ शव सड़क किनारे मिला। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

शरीर पर मिले चोट के निशान

जानकारी के मुताबिक, मामला जिले के जुब्बल क्षेत्र का है। मृतक की पहचान हिरेंद्र के रूप में हुई है, जो बीते कई वर्षों से जुब्बल क्षेत्र में ही निवास कर रहा था। बताया जा रहा है कि हटकोटी मंदिर में दर्शन कर कार से लौट रहे मंडोल गांव निवासी युवकों ने डोची के समीप हाईवे पर हिरेंद्र को खून से लथपथ हालत में देखा। उन्होंने तुरंत पुलिस तथा एंबुलेंस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे एंबुलेंस कर्मचारियों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के सिर, चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।

जांच में जुटी पुलिस

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल के समीप कच्चे रास्ते से नाले की तरफ खून के धब्बे मिले हैं। शिमला पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News