Watch Video: मां का प्रेमी ही निकला हत्यारा, अवैध संबंधों ने ली नाबालिग लड़की की जान

punjabkesari.in Saturday, Aug 19, 2017 - 10:53 AM (IST)

सोलन (चिनमय कौशल): सोलन जिले के ओच्छघाट में हुए एक 17 साल की नाबालिग छात्रा के मर्डर केस की गुत्थी को पुलिस ने करीब 15 घंटे में सुलझा लिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड की परतें खुली तो अवैध संबंधों का खौफनाक अंजाम भी सामने आ गया। मां का प्रेमी ही इस केस का मुख्य आरोपी निकला, जिसे पुलिस ने चंडीगढ़ के मनीमाजरा से ही गिरफ्तार किया है। लड़की के शरीर पर तीन जगह धारदार हथियार से हमले के निशान थे। पुलिस ने दावा किया कि आरोपी पिछले डेढ़ साल से मृतिका की मां के संपर्क में था और उससे शादी करना चाहता था। पिछले कुछ दिनों से दोनों के बीच सबकुछ ठीक नहीं था और गुस्से में आरोपी ने बेटी की हत्या कर दी। उसने पहले दराट से लड़की की कलाई पर वार किया, फिर पीठ पर और तीसरा अंतिम वार गले पर किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कातिल को पकड़ने के लिए चार टीमों का गठन किया था, जिसमें एक टीम का नेतृव एएसपी मनमोहन कर रहे थे। कड़ी मेहनत के बाद पुलिस ने आरोपी को मनीमाजरा में उसके दोस्त के घर से गिरफ्तार किया।
PunjabKesari

दस्तावेजों को लेकर था विवाद
एसपी साेलन मोहित चावला ने बताया कि गिरफ्तार किया गया आरोपी धर्म सिंह 30 साल का है और वह सोलन के ही कुठाड़ का रहने वाला है। वह यहां एक होटल में शेफ था और आरोपी मृतक लड़की की मां का दोस्त था। उसका उनके घर आना-जाना लगा रहता था। मृतक लड़की की मां लंबे अरसे से अपने पति से अलग रह रही थी। आरोपी धर्म सिहं ने उसकी मां के पास कुछ दस्तावेज रखे हुए थे। वह इन दस्तावेजों को पिछले कुछ दिन से उससे मांग रहा था। जब मृतक लड़की की मां ने उसे दस्तावेज देने में आनाकानी की तो उसने उसकी बेटी का मर्डर कर दिया। आरोपी ने उसकी बेटी की गर्दन पर दराट से वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। 
PunjabKesari

ये है मामला
उल्लेखनीय है कि नाबालिग लड़की की पिछले बुधवार को दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। लड़की औच्छघाट में अपनी मां छोटी बहन के साथ किराए के कमरे में रहती थी। मृतक लड़की की मां कल्पना एक निजी यूनिवर्सिटी में हाउस कीपिंग का काम करती है। बुधवार को जब वह यूनिवर्सिटी चली गई तो किसी ने घर पर अकेली उसकी बड़ी बेटी पर हमला कर हत्या कर दी थी। हैरानी की बात यह है कि घटना दिन में 11 से डेढ़ बजे के बीच हुई है। करीब 11 बजे लड़की उसी मकान की सड़क पर स्थित दुकान से नमकीन लेकर गई थी। इसके कुछ देर बाद ही एक बजे उसकी अपनी मां से भी फोन पर बात हुई। इसके बाद मृतक लड़की की मां ने दुकानदार को फोन कर घर में जाकर देखने को कहा। जब वह गया तो कमरे में बाहर से कुंडी लगी थी। जब उसने कुंडी खोलकर देखा तो कमरा खून से सना हुआ था। लड़की अंदर के कमरे में पड़ी हुई थी। इस पर उन्होंने पंचायत प्रधान वेद प्रकाश बीडीसी सदस्य सोमदत्त शर्मा को सूचना दी। जन प्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंच कर पुलिस को जानकारी दी थी।  
PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News