मंडी में लाइनमैन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, इलाके में शोक की लहर
punjabkesari.in Tuesday, Jun 16, 2026 - 05:45 PM (IST)
Mandi News : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते छतरी इलाके में बिजली विभाग के एक लाइनमैन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का मामला सामने आया है। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान पावेंद्र कुमार के रूप में की गई है। पावेंद्र कुमार मूल रूप से केलोधार गांव के रहने वाले थे। वे वर्तमान में विद्युत विभाग में बतौर लाइनमैन अपनी सेवाएं दे रहे थे और ड्यूटी के सिलसिले में छतरी में किराए का कमरा लेकर रह रहे थे।शुरुआती जांच के बाद भी पुलिस अभी तक किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। यह साफ नहीं हो पाया है कि लाइनमैन ने आत्मघाती कदम उठाया है या फिर मौत किसी अन्य कारण से हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तुरंत नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
इलाके में शोक की लहर
वहीं, इस दुखद घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। बिजली विभाग के सहकर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने पावेंद्र की मौत पर गहरा दुख जताया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह क्या थी, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही पता चल पाएगा।

