शिकारी के लगाए फंदे में फंसा तेंदुआ, वन्य जीव संरक्षण की टीम ने किया रैस्क्यू
punjabkesari.in Monday, Jun 27, 2022 - 12:00 AM (IST)

डाडासीबा (सुनील): डाडासीबा वन परिक्षेत्र की वन वीट चनौर में रविवार को एक तेंदुआ अज्ञात शिकारी द्वारा लगाई गई लोहे की तार के फंदे (फाही) में फंस गया, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद वन्य जीव संरक्षण की टीम ने रैस्क्यू कर गोपालपुर चिड़ियाघर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार पंचायत जम्बल के वार्ड नंबर-5 बेही-घमलेहड़ में किसी अज्ञात शिकारी द्वारा रास्ते के किनारे बाड़ में लोहे की तार की फाही लगाई थी, जिसमें इस तेंदुए का अगला पैर फंस गया। सुबह-सुबह तेंदुए की दहाड़ सुनकर स्थानीय लोग इस जगह पर इकट्ठे हो गए और वन परिक्षेत्र अधिकारी डाडासीबा विनोद शर्मा को इसकी जानकारी दी। रेंज ऑफिसर विनोद शर्मा और वन गार्ड प्रदीप कुमार ने मौके पर पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया और तेंदुए को छुड़ाने के लिए वाइल्ड लाइफ हमीरपुर से संपर्क किया।
तेंदुए को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। मौके पर पहुंचे डाडासीबा पुलिस ने लोगों को इस स्थान से दूर हटा दिया। दोपहर लगभग 3 बजे वाइल्ड लाइफ हमीरपुर और गोपालपुर चिड़ियाघर से आई रैस्क्यू टीम ने संयुक्त अभियान चला कर इस तेंदुए को बेहोश कर फंदे से छुड़ा लिया। मौके पर आए हमीरपुर वन्य जीव संरक्षण के वैटर्नरी डाॅ. नितिन ने बताया कि यह नर तेंदुआ था, जिसकी उम्र लगभग 2 साल आंकी गई है। उन्होंने कहा कि तेंदुए को पिंजरे में डाल कर गोपालपुर चिड़ियाघर भेज दिया है। उधर, डाडासीबा पुलिस ने अज्ञात शिकारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here