Hamirpur: सकरोह के सूबेदार मेजर राज कुमार को नम आंखों से दी अंतिम विदाई, जम्मू में थे तैनात

punjabkesari.in Friday, Oct 25, 2024 - 05:44 PM (IST)

हमीरपुर (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर के उपमंडल बड़सर की सकरोह पंचायत के सूबेदार मेजर राज कुमार (47) का वीरवार को सुबह 9 बजे जम्मू में देहांत हो गया। सूबेदार मेजर राज कुमार को लोगों ने नम आंखों से विदाई दी। सूबेदार मेजर राज कुमार जम्मू सैक्टर 11 सिग्नल कोर में सेवारत थे। शुक्रवार सुबह उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव सकरोह में लाया गया। पूरे सैनिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। बता दें कि दिवंगत सूबेदार मेजर पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे।

वह 1998 में सेना में भर्ती हुए थे।  26 वर्ष तक उन्होंने भारतीय सेना में सेवाएं प्रदान की। उनकी मृत्यु का समाचार मिलते ही उनको श्रद्धांजलि देने वालों की भीड़ इकट्ठा होनी शुरु हो गई थी। जैसे ही दिवंगत का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव में पहुंचा सारा क्षेत्र भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा। दिवंगत सूबेदार मेजर अपने पीछे दो बेटे तथा अपनी पत्नी को छोड़ गए हैं। दोनों बेटे अभी पढ़ाई कर रहे हैं। इस अवसर पर बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, समाज सेवी संजीव शर्मा, कमल नयन और हजारों की संख्या में आस-पास के गांवों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे और सभी ने नम आंखों से दिवंगत को अंतिम विदाई दी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News