मनाली-रोहतांग मार्ग पर फिर Landslide, 8 घंटे ठप्प रहा यातायात

punjabkesari.in Wednesday, Aug 28, 2019 - 11:34 PM (IST)

मनाली (सोनू): मनाली-लेह मार्ग पर एक बार फिर 8 घंटे तक यातायात व्यवस्था ठप्प रही। रोहतांग दर्रे के टूटते पहाड़ जहां लगातार लोगों को डरा रहे हैं, वहीं इस बार हर दूसरे दिन रोहतांग के समीप भू-स्खलन होने से बीआरओ के लिए भी नई चुनौतियां पैदा हो गई हैं। रोहतांग दर्रे पर सफर करना इन दिनों किसी खतरे से कम नहीं है। रोहतांग मार्ग पर भू-स्खलन का क्रम थमने का नाम नहीं ले रहा है। मढ़ी के समीप बंता मोड़ के समीप व राहनीनाला के पास लगातार भू-स्खलन होने से मनाली-लेह मार्ग पर सफर करने वाले पर्यटकों व राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बंता मोड़ के पास हुआ भू-स्खलन

बुधवार सुबह करीब 3 बजे बंता मोड़ के पास भू-स्खलन हो गया, जिससे वाहनों की आवाजाही ठप्प हो गई। हालांकि बीआरओ ने इन स्थानों में अपनी मशीनरी स्थापित की है लेकिन रात को धुंध अधिक होने से बीआरओ के लिए काम करना आसान नहीं हो रहा है। वाहन चालकों रॉकी व चमन ने बताया कि बुधवार सुबह 3 बजे हुए भू-स्खलन से मनाली-लेह मार्ग करीब 11 बजे बहाल हुआ जिससे करीब 8 घंटे तक यातायात ठप्प रहा।

यहां है सड़क की हालत ज्यादा खराब

मनाली-लेह के सरचू तक 222 किलोमीटर सड़क में सफर करना चुनौतियों भरा हो गया है। मनाली के नेहरू कुंड, चुंबकमोड़, मढी़, बंता मोढ़, राहनीनाला, ग्रांफू पटसेउ, जिंगजिंगबार व भरतपुर सिटी सहित कई स्थानों में सड़क की हालत खराब चल रही है। बारिश के कारण मनाली-रोहतांग मार्ग पर मढ़ी से राहनीनाला तक दो जगहों पर भारी भू-स्खलन हो रहा है। इन दोनों स्थानों पर वाहनों के पहिए थम रहे हैं।

मार्ग को सुचारू करने में बेहतर प्रयास कर रहा बीआरओ

उधर, बीआरओ कमांडर कर्नल उमा शंकर ने बताया कि बार-बार हो रहे भू-स्खलन से मनाली-लेह मार्ग बंद हो रहा है लेकिन बीआरओ मार्ग को सुचारू करने में बेहतर प्रयास कर रहा है। मनाली एसडीएम अमित गुलेरिया ने पर्यटकों व राहगीरों से आग्रह किया को वो मौसम को ध्यान में रख व रात में रोहतांग दर्रे का रुख न करें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News