कांगड़ा-टांडा स्टेट हाईवे पर हुआ भूस्खलन, 8 मजदूर मलबे की चपेट में आए

punjabkesari.in Tuesday, Jul 19, 2022 - 05:55 PM (IST)

धर्मशाला (नृपजीत निप्पी): कांगड़ा-टांडा स्टेट हाईवे पर मेडिकल कॉलेज टांडा के करीब देर रात भूस्खलन हो गया। भूस्खलन के दौरान 8 मजदूर मलबे की चपेट में आ गए। इस दौरान आसपास के लोगों ने उन्हें तुरंत मलबे से निकालकर टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। यहां 8 में से 7 मजदूरों की हालत स्थिर बनी हुई है जबकि एक घायल मजदूर को पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक कांगड़ा-टांडा रोड पर पैट्रोल पंप का निर्माण कार्य चल रहा है और इन दिनों कांगड़ा में हो रही भारी बरसात की वजह से अब खुदाई वाली जगह के ऊपर बने हुए खेतों में भी जलभराव हो रहा है, ऐसे में मिट्टी में बहुत नमी होने के कारण खेत की मिट्टी का मलबा पैट्रोल पंप के लिए खोदी गई जगह में गिर गया। रात के अंधेरे में अचानक से हुए इस भूस्खलन की चपेट में वो प्रवासी मजदूर आ गए जोकि इस खुदाई का काम दिन के उजाले में कर रहे थे और रात को वहीं आराम किया करते थे। 

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तुरंत टांडा अस्पताल पहुंचाया। घायल हुए मजदूरों में 8 बंगाल के, एक कांगड़ा का और एक उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। इस हादसे में 19 साल का राजीव निवासी गोलियां डाकघर कानकी तहसील चपुलिया जिला दिनाजपुर बंगाल की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे पीजीआइ चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया है। मौके पर मौजूद कुछ चश्मदीदों ने भी इस घटना की जानकारी को सांझा किया है। जिलाधीश कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि ये हादसा रात को पौने 10 बजे के करीब घटित हुआ है और इसमें 8 लोग घायल हुए हैं, जिसमें एक को पीजीआई रैफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पुलिस प्रशासन और स्थानीय प्रशासन की तैनाती करवा दी थी और राहत और बचाव कार्य भी तुरंत ही शुरू कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि प्रत्येक घायलों को 5-5 हजार रुपए फौरी राहत के तौर पर भी आबंटित कर दिए गए हैं।

इस हादसे में देव नारायण पुत्र बच्चन लाल निवासी गोलियां डाकघर कानकी तहसील चपुलिया जिला दिनाजपुर बंगाल, गौरव पुत्र देव नारायण निवासी गोलियां, सहदेव पुत्र पाखु सिंह निवासी गोलियां, वासुदेव पुत्र पाखु सिंह निवासी गोलियां, जगत सिंह पुत्र नूजा राम निवासी गोलियां, विनय कुमार पुत्र अमर सिंह निवासी जयंती विहार कांगड़ा व नीतू पुत्र मान सिंह निवासी हरदासपुर तहसील बखोली जिला भदाई उत्तर प्रदेश घायल हुए हैं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News