चम्बा-होली मार्ग पर ज्यूरा मंदिर के पास दरका पहाड़, 4 घंटे बंद रहा यातायात

punjabkesari.in Thursday, Jun 23, 2022 - 06:54 PM (IST)

चम्बा (रणवीर): चम्बा-होली मार्ग पर ज्यूरा माता मंदिर के समीप भूस्खलन हो गया। यहां पर भारी-भरकम चट्टानों के साथ मलबा सड़क पर आ गिरा, जिससे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बाधित हो गई। मार्ग बंद होने की सूचना मिलते मशीनरी के साथ लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और करीब 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को बहाल किया। मार्ग के बंद होने के कारण होली-पालमपुर, न्याग्रां-पालमपुर, होली-चामुंडा तथा होली से भरमौर की ओर जाने वाली बसें फंसी रहीं। वहीं मार्ग बंद होने के कारण दूध, ब्रैड व सब्जियों सहित अन्य जरूरी सामग्री की सप्लाई समय पर नहीं हो पाई। चामुंडा से होली की ओर आने वाली निजी बस के अलावा फटाहर से न्याग्रां, चम्बा से होली तथा चम्बा से न्याग्रां की ओर आने वाली बसें भी सड़क के दूसरी ओर फंसी रहीं। ऐसे हालात में लोगों को वाहनों की अदला-बदली करनी पड़ी। 

गनीमत रही कि जिस समय मार्ग पर भू-स्खलन हुआ, उस वक्त वहां से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था अन्यथा कोई अनहोनी हो सकती थी। होली मार्ग ज्यूरा माता मंदिर, दुर्गठी, कुठेड़, मछैतर व घड़ोह के पास अकसर बंद हो जाता है। उक्त स्थानों पर बारिश के अलावा भी मौसम ठीक हो फिर भी भू-स्खलन शुरू हो जाता है। लोगों ने मांग की है कि उक्त स्थानों पर मार्ग की उचित व्यवस्था की जाए। ज्यूरा माता मंदिर के पास अचानक भू-स्खलन होने व डंगा टूटने के कारण यहां पर मार्ग बाधित हो जाता है।  

एसडीओ गरोला जयचंद ठाकुर ने बताया कि ज्यूरा माता मंदिर के समीप भूस्खलन होने के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। विभाग द्वारा करीब साढ़े 9 बजे मार्ग को छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया गया था, जिसके बाद करीब 1 बजे तक वाहनों की आवाजाही सुचारू की गई।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News