Kullu: NH-305 पर सड़क मुरम्मत के चलते नई ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, जानें कब-कब बंद रहेगा मार्ग
punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 04:21 PM (IST)
बंजार (ब्यूरो): राष्ट्रीय उच्च मार्ग-305 के घियागी-बंजार खंड पर लोक सुरक्षा और सड़क मुरम्मत के कार्य को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए प्रशासन ने एक नई ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इस संबंध में उपमंडल दंडाधिकारी बंजार पंकज शर्मा की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें यातायात को कुछ समय के लिए प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया गया है। इस बैठक में बंजार के थाना प्रभारी, राष्ट्रीय उच्च मार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
ये रहेगी यातायात प्रतिबंध की टाइमिंग
प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार मुरम्मत कार्य के चलते राष्ट्रीय उच्च मार्ग-305 पर (बंजार से घियागी खंड) सुबह 6:30 बजे से 7:30 बजे तक, दोपहर 11:00 बजे से 1:00 बजे तक और शाम 3:00 बजे से 4:00 बजे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद रहेगी। इस प्रतिबंधित समय के दौरान केवल एंबुलैंस और अन्य आपातकालीन सेवा वाले वाहनों को ही गुजरने की छूट होगी।
इन वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल
आम जनता और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने ट्रैफिक को डायवर्ट किया है। सड़क बंद रहने की अवधि के दौरान सभी वाहन दमोठी-भरठीधार मार्ग और बंजार बाईपास रोड से होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
उल्लंघन करने पर होगी सख्त कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जारी की गई एडवाइजरी और प्रतिबंधों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए लगेंगे साइन बोर्ड
एसडीएम पंकज शर्मा ने पुलिस विभाग और लोक निर्माण विभाग को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे प्रभावित सड़क खंड के दोनों ओर स्पष्ट और उचित साइन बोर्ड लगाएं। इसके अलावा, यात्रियों के सही मार्गदर्शन और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में यातायात कर्मियों (ट्रैफिक पुलिस) की तैनाती सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।

