चम्बा की सीमा के पास पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, कार में चिट्टे के साथ 2 युवक गिरफ्तार

punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 03:12 PM (IST)

तुनुहट्टी (संजय): हिमाचल प्रदेश के जिला चम्बा में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में चम्बा जिले की सीमा कटोरी बंगला के समीप पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (एसयूआई) टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक कार से 5.16 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने डलहौजी निवासी दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम इंस्पैक्टर गगन के नेतृत्व में एसआईयू की टीम ने कटोरी बंगला के समीप नियमित नाकाबंदी कर रखी थी। शाम करीब सवा 5 बजे पठानकोट की ओर से बनीखेत जा रही एक सैंट्रो कार (HP 37A-2800) को पुलिस ने रूटीन जांच के लिए रोका। पूछताछ के दौरान कार में सवार दोनों व्यक्ति पुलिस को देखकर बुरी तरह घबरा गए। उनकी संदिग्ध गतिविधियों और घबराहट को देखकर पुलिस का शक गहरा गया। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार और दोनों सवारों की गहन तलाशी ली। इस तलाशी अभियान के दौरान उनके कब्जे से 5.16 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों की पहचान 25 वर्षीय अमित कुमार निवासी सदर बाजार, डल्हौजी और 40 वर्षीय विजय कुमार निवासी मोहल्ला लोहाली, डल्हौजी व जिला चम्बा के रूप में हुई है। पुलिस ने चिट्टे को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। इस मामले की आधिकारिक पुष्टि चम्बा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ चुवाड़ी पुलिस थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। मामले की आगामी जांच जारी है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News