किन्नौर में निर्माणाधीन जलविद्युत परियोजना साइट पर लैंड स्लाइड, मजदूरों ने भागकर बचाई जान

punjabkesari.in Friday, Jun 19, 2026 - 09:36 PM (IST)

रिकांगपिओ (रिपन): जिला किन्नौर के पोवारी क्षेत्र में निर्माणाधीन करछम–शोंगटोंग जलविद्युत परियोजना साइट पर कार्य के दौरान शुक्रवार को अचानक लैंड स्लाइड होने से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। इस लैंडस्लाइड से वहां पर स्थित पैट्रोल पंप का एक हिस्सा तथा मकान भी प्रभावित हुए हैं। घटना के बाद पैट्रोल पंप परिसर में दरारें आ गई हैं, जिस कारण पम्प खतरे की जद में आ गया है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को पोवारी में (एचपीपीसीएल) के अधीन निर्माणाधीन करछम–शोंगटोंग जलविद्युत परियोजना में कार्य क्षेत्र के समीप अचानक लैंडस्लाइड से जमीन धंसने शुरू हो गई तथा भारी मात्रा में मलबे के साथ-साथ कुछ पेड़ भी जड़ से उखड़ कर नीचे आ गए।

  लैंडस्लाइड के समय वहां पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया तथा वहां पर कार्य कर रहे मजदूरों ने भाग कर जान बचाई। हालांकि इस घटना में किसी तरह का जानी नुक्सान नहीं हुआ है, परंतु लाखों की संपत्ति के नुक्सान होने की आशंका है। वहीं पैट्रोल पंप संचालक शिव कुमार नेगी ने बताया कि उन्होंने पहले ही संबंधित विभागों और निर्माण एजैंसी को क्षेत्र में सुरक्षा दीवार (प्रोटैक्शन वॉल) निर्माण की आवश्यकता से अवगत करवाया था, परंतु समय रहते सुरक्षात्मक कदम नहीं उठाए जाने के कारण अब स्थिति गंभीर हो गई है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News