आफत की बारिश : शिमला में जगह-जगह भूस्ख्लन व पेड़े गिरने से 13 वाहनों को नुक्सान, कई घरों को खतरा

punjabkesari.in Sunday, Aug 13, 2023 - 11:03 PM (IST)

शिमला (अम्बादत): हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला सहित जिला में पिछले 48 घंटों में हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। शहर में जगह-जगह भूस्खलन व पेड़ गिरने से करीब 13 वाहनों को नुक्सान पहुंचा है। वहीं कई घरों को खतरा पैदा हो गया है। रविवार दोपहर के समय आईएसबीटी के नजदीक एक निजी बस पर पेड़ गिर गया जोकि मंडी से शिमला आ रही थी। आईएसबीटी में सवारियां उतारने के बाद बस चालक बस को टूटीकंडी की तरफ ले जा रहा था। जब वह बस रोककर टायर को चैक करने लगा तो उसी समय एक पेड़ बस पर गिर गया, जिससे बस को काफी ज्यादा नुक्सान हुआ है। इस हादसे में परिचालक घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया। सुबह 9 बजे के करीब शिमला-मटौर नैशनल हाईवे ढैंढा के पास पेड़ गिरने से 2 घंटे तक बंद रहा। वहीं 103 के समीप कैफे पर पेड़ गिर गया, जिससे कैफे की छत पूरी तरह टूट गई। इसके कारण भी सुबह 103 के पास एक घंटे के लिए यातायात ठप्प रहा। 
PunjabKesari

दूधली में गाड़ी को निकालने के लिए मंगवानी पड़ी क्रेन
भराड़ी के साथ लगते दूधली में सुबह भूस्खलन के कारण पेड़ व सड़क ही धंस गई। इसके चलते सड़क के किनारे पार्क कार भी करीब 20 फुट नीचे चली गई। वहीं एक पेड़ भी गिर गया। इस गाड़ी को निकालने के लिए क्रेन मंगवानी पड़ी। क्रेन की मदद से गाड़ी को निकाला गया। 
PunjabKesari

विकास नगर में भूस्खलन से भवनों को खतरा
विकास नगर के एसडीए काॅम्पलैक्स में दोबारा भूस्खलन हुआ है। इसके चलते यहां पर कई भवनों के गिरने का खतरा पैदा हो गया है। महापौर सुरेंद्र चौहान यहां पर पहुंचे व राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। यहां पर पहले भी भूस्खलन से नुक्सान हो चुका है। कुछ भवनों को पहले खाली करवाया जा चुका है जबकि रविवार को भी कई भवन खाली करवाए गए।
PunjabKesari

साधना घाटी में भूस्खलन से 400 मीटर सीवरेज लाइन को नुक्सान
छोटा शिमला के साथ लगते साधना घाटी में भूस्खलन से भारी नुक्सान हुआ है। यहां पर 400 मीटर लंबी सीवरेज लाइन ही टूट गई है। भूस्खलन से इतनी जमीन बह गई है। इसे यदि समय पर ठीक नहीं किया गया तो बीमारियां फैलने का खतरा हो जाएगा। शोघी-मैहली बाईपास में भी भूस्खलन की वजह से सुबह के समय आवाजाही बंद रही। शिमला पुलिस के मुताबिक होटल हिमलैंड, खलीनी, टूटीकंडी, नाभा, पुलिस लाइन कैथू में आवाजाही बंद रही।
PunjabKesari

खलीणी में एक स्थान पर गिरे 13 पेड़
बारिश व भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। सुबह वन विभाग कार्यालय खलीणी के समीप देवदार के 13 पेड़ एक ही स्थान पर गिर गए। बारिश से हुए भूस्खलन से पहले एक पेड़ गिरा। इसके बाद लगातार पेड़ गिरते रहे। इन पेड़ों की चपेट में आने से 2 गाड़ियां जिनमें एक पिकअप व एक अन्य कार शामिल है पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। 
PunjabKesari

जिला में 91 सड़कों पर यातायात ठप्प
शिमला जिला में 91 मुख्य सड़कों के अलावा संपर्क मार्ग बंद पड़े हुए हैं। मुख्य सड़कों में इसमें शिमला शहरी क्षेत्र की 10, ग्रामीण की 14, ठियोग की 1, कोटखाई की 3, जुब्बल व रोहड़ू की 2.2, रामपुर की 14, चौपाल की 2, कुपवी 1 कुमारसैन 9 व डोडरा क्वार की 1 सड़क बंद है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्ग भी बंद पड़े हुए हैं। यातायात बंद होने से किसान व बागवानों को सब्जियों को मंडियों तक पहुंचाना चुनौती बन गया है।

राहत कार्यों में डटे रहे महापौर, बीसीएस में खाली करवाया रैस्ट रूम 
महापौर सुरेंद्र चौहान देर रात से ही राहत कार्यों में डटे रहे। वे रात को विकास नगर गए, जहां भवनों के गिरने का खतरा था। इसके बाद बी.सी.एस. गए वहां पर निरीक्षण किया व कर्मचारियों की रिहायश को खाली करवाया। हर वार्ड का निरीक्षण कर नुक्सान व राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि निगम का पूरा प्रयास है कि शहर में सभी सड़कें खुली रहें व लोगों को किसी तरह की दिक्कतें पेश न आएं। वहीं बीसीएस में बिजली बोर्ड के ट्रांसफार्मर के पास भूस्खलन हुआ है। यहां पर बोर्ड के कर्मचारियों का रैस्ट रूम है। इस के गिरने का भी खतरा बन गया था। निगम के महापौर ने अपने दौरे के दौरान इसे खाली करवा दिया है। कर्मचारियों के रहने की अस्थायी व्यवस्था की गई है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News