Mandi: जोगिंद्रनगर के इस गांव में भूस्खलन, मलबे में दबी गऊशालाएं, एक मकान खाली करवाया
punjabkesari.in Friday, Sep 12, 2025 - 11:48 AM (IST)

जोगिंद्रनगर (लक्की): मंडी जिला के जोगिंद्रनगर उपमंडल की ग्राम पंचायत पिपली के कुराटी गांव में बीती रात हुई भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। बारिश के कारण यहां एक बड़ा भूस्खलन हुआ है, जिसका सिलसिला अभी भी जारी है। इस भूस्खलन के चलते कई घरों और गौशालाओं पर खतरा मंडरा रहा है, जिसके मद्देनजर प्रशासन ने एहतियातन एक मकान को खाली करवा लिया है।
इस घटना की जानकारी देते हुए ग्राम पंचायत पिपली के प्रधान श्री इंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण कुराटी गांव में बहुत बड़ा भूस्खलन हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने पुष्टि की कि भूस्खलन के कारण एक घर पर गंभीर खतरा बन गया है, जबकि 2 गौशालाएं मलबे की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
प्रधान ने कहा कि गनीमत यह रही कि इस आपदा में किसी भी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है। सभी लोग और पशु सुरक्षित हैं। लगातार हो रहे भूस्खलन से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। प्रधान इंद्र सिंह ठाकुर ने प्रशासन से अपील की है कि वे जल्द से जल्द घटनास्थल का निरीक्षण करें और इस आपदा से प्रभावित हुए परिवारों को तत्काल राहत और हरसंभव सहायता प्रदान करें।