ढालपुर मैदान में 10 दिनों तक मनाया जाएगा ‘कुल्लू कार्निवाल’, मुख्यमंत्री 21 मार्च को करेंगे शुभारंभ

punjabkesari.in Saturday, Mar 05, 2022 - 04:30 PM (IST)

कुल्लू (संजीव जैन): कुल्लू के उद्यमियों, व्यापारियों, दस्तकारों, शिल्पकारों व पर्यटन व्यवसायियों के लिये यह राहत भरी खबर है कि ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में पहली बार ‘कुल्लू कार्निवाल’ का आयोजन किया जा रहा है। कार्निवाल की पहल डीसी आशुतोष गर्ग की दूरगामी सोच की उपज है। डीसी 10 दिनों तक चलने वाले कार्निवाल की तैयारियों को लेकर 3 बार अधिकारियों व हितधारकों के साथ बैठकें कर चुके हैं। कार्निवाल को बड़ा स्वरूप प्रदान करने तथा इसका सफल आयोजन करने के लिए डीसी अधिक से अधिक गतिविधियों को कार्निवाल से जोड़ने की एक व्यापक योजना तैयार कर रहे हैं। कार्निवाल के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए डीसी ने कहा कि कार्निवाल का आयोजन आगामी 21 से 30 मार्च तक किया जाएगा। 10 दिनों तक चलने वाले कार्निवाल का शुभारंभ 21 मार्च को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर करेंगे। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, जिला के विधायकगण भी इस मौके पर अन्य गण्यमान्य व्यक्तियों सहित मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री कार्निवाल के उद्घाटन के उपरांत जनसभा को भी संबोधित करेंगे

ढालपुर मैदान में सजेगा बड़ा क्रॉफ्ट बाजार 

डीसी ने कहा कि ढालपुर मैदान में बहुत बड़ा क्रॉफ्ट बाजार सजेगा। इसके लिए 100 से अधिक स्टालों का निर्माण किया जाएगा। इसमें देश के विभिन्न भागों सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के हथकरघा व हस्तशिल्पों के प्रदर्शन व बिक्री के लिए एक उपयुक्त मंच प्रदान किया जाएगा। हस्तकला क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न राज्यों की नैशनल स्तर की विजेता संस्थाओं को भी आमन्त्रित किया जाएगा। क्राफ्ट बाजार में देश के अन्य राज्यों के राष्ट्रीय स्तर के नामी हस्तशिल्पों के स्टाल लगाने के साथ जिला के सभी विकास खंडों से चयनित 25 स्वयं सहायता समूहों को भी स्थानीय तौर पर तैयार उत्पादों को प्रदर्शित करने के लिए आमन्त्रित किया जाएगा। डीसी ने बताया कि क्रॉफ्ट बाजार व फैशन शो का आयोजन भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अंतर्गत विकास आयुक्त हस्तशिल्प से जिला सांस्कृतिक परिषद के लिए प्राप्त अनुदान व सहयोग से किया जा रहा है। 

फैशन शो होगा प्रथम संध्या का मुख्य आकर्षण 

कार्निवाल की पहली संध्या पर फैशन शो का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न राज्यों के परिधानों को प्रदर्शित किया जाएगा। प्रदेश व जिला के परिधानों को भी विशेष तौर पर प्रोत्साहित किया जाएगा। 9 मार्च को कुल्लू के अटल सदन में दोपहर 1 बजे स्थानीय मॉडल के चयन के लिए ऑडिशन होंगे। विजेता मॉडल को 10 हजार का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला भाषा अधिकारी कुल्लू से मोबाइल नम्बर 94185-26170 पर सम्पर्क किया जा सकता है।  

लोकनृत्य दलों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां करेंगी दर्शकों का मनोरंजन 

कार्निवाल के दौरान विभिन्न जिलों के लोक सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियां होंगी जिससे दर्शकों का भरपूर मनोरंजन होगा। डीसी ने जिला भाषा अधिकारी को प्रदेश के विभिन्न जिलों के श्रेष्ठ सांस्कृतिक दलों को आमंत्रित करने को कहा है। प्रथम संध्या के दौरान 21 मार्च को कुल्लू सहित चार सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियां होंगी। कार्निवाल के दौरान भाषा एवं संस्कृति विभाग के माध्यम से अटल सदन में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। विभिन्न लोक नृत्य, लोक गीत तथा लोक संगीत प्रस्तुतियां कार्निवाल की संध्याओं को चार चांद लगाएंगी। कला तथा साहित्य प्रेमियों के लिए पहाड़ी कवि मुशायरा का आयोजन भी किया जाएगा।  

फूड कोर्ट में उपलब्ध होंगे जिला के स्वादिष्ट व्यंजन

डीसी ने कहा कि कार्निवाल के दौरान ढालपुर मैदान में 25 फूड कोर्ट भी स्थापित किए जाएंगे, जिसमें लोग स्थानीय तौर पर तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। इसके लिए उन्होंने जिला पर्यटन विकास अधिकारी को आवश्यक प्रबंध करने को कहा है। डीसी ने कहा कि कार्निवाल का उद्देश्य जिला की समृद्ध लोक संस्कृति तथा हस्तशिल्प व हथकरघा को प्रोत्साहन प्रदान करने के साथ पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि जिला में हजारों लोग पर्यटन व्यवसाय से जुड़े हैं और ऐसे में सैलानियों की आमद को बढ़ावा देने के लिए विविध प्रकार की गतिविधियों का आयोजन करने पर बल दिया गया है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News