दिल्ली में सोनिया गांधी से मिले कुलदीप सिंह राठौर, हिमाचल की ताजा राजनीति से करवाया अवगत

punjabkesari.in Wednesday, Dec 08, 2021 - 06:20 PM (IST)

शिमला (राक्टा): कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने बुधवार को नई दिल्ली 10 जनपथ में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। कई नेताओं की दिल्ली दौड़ के बीच सोनिया गांधी के साथ हुई इस मुलाकात के अंदरखाते कई मायने निकाले जा रहे हैं। सूचना के अनुसार इस दौरान राठौर ने प्रदेश की ताजा राजनीति से सोनिया गांधी को अवगत करवाया। इसके साथ ही संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए प्रदेश में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों से भी अवगत करवाया।

सोनिया ने एकजुटता के साथ आगे बढ़ने के दिए निर्देश 

इस दौरान सोनिया गांधी ने राठौर की सराहना करते हुए उपचुनाव में मिली जीत के लिए सभी नेताओं, पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की जीत का सिलसिला इसी तरह जारी रहना चाहिए। इसके लिए उन्होंने एकजुट होकर आगे बढ़ने के निर्देश दिए। राठौर ने सोनिया गांधी को अवगत करवाया कि प्रदेश में कांग्रेस सत्ताधारी दल भाजपा सरकार जनविरोधी नीतियों व निर्णयों के खिलाफ जनता के बीच जाकर जन आंदोलन कर रही है। देश में बढ़ती महंगाई के विरोध में प्रदेश कांग्रेस का जनजागरण अभियान सफलता के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस अभियान को लोगों का भारी समर्थन भी मिल रहा है। इस दौरान उनके साथ ही पार्टी सचिव हरिकृष्ण हिमराल भी मौजूद रहे।

राठौर बोले-मजबूत स्थिति में कांग्रेस

राठौर ने सोनिया गांधी को अवगत करवाया कि वह जनजागरण अभियान के तहत स्वयं उन विधानसभा क्षेत्रों में जा रहे हैं, जहां कांग्रेस पिछले कई सालों से लगातार पिछड़ती रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में बड़ी मजबूत स्थिति में है और आने वाले विधानसभा चुनावों में अपनी शानदार जीत का परचम लहराएगी।

इन नेताओं से भी की मुलाकात

दिल्ली में राठौर ने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणूगोपाल, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, कोषाध्यक्ष पवन बंसल, जम्मू-कश्मीर मामलों की प्रभारी सांसद रजनी पाटिल सहित केंद्रीय आलाकमान के कई अन्य नेताओं से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हुए उपचुनावों के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News