स्व. वीरभद्र सिंह के परिवार की सलाह पर तय होगा अर्की का प्रत्याशी : राठौर

punjabkesari.in Wednesday, Jul 28, 2021 - 09:56 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के परिवार की सलाह से ही अर्की में प्रत्याशी तय होगा। अर्की निर्वाचन क्षेत्र के बाड़ीधार में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि यह निर्वाचन क्षेत्र प्रदेश के 6 बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह का है। उनके निधन से ही अर्की में उपचुनाव हो रहा है। इसलिए उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह व पुत्र विधायक विक्रमादित्य सिंह से इस विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी को लेकर सलाह लेना जरूरी है। जो भी उनकी सलाह होगी, उससे पार्टी हाईकमान को अवगत करवाया जाएगा। टिकट का फैसला तो पार्टी हाईकमान ने ही करना है। पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह चुनाव लड़ेंगी या नहीं, इस बारे अभी उनके साथ कोई बातचीत नहीं हुई है। आने वाले दिनों में वे इसको लेकर उनसे चर्चा करेंगे। यहां के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं का फीडबैक भी लिया है। पार्टी का जो भी प्रत्याशी होगा, सभी एकजुटता के साथ काम करेंगे।

डॉ. राजीव बिंदल को प्रभारी बनाने पर कसा तंज

भाजपा द्वारा अर्की उपचुनाव के लिए विधायक डॉ. राजीव बिंदल को प्रभारी बनाए जाने पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि नगर निगम सोलन के बाद अब उन्हें अर्की में भी हार का सामना करना पड़ेगा। भाजपा को बताना चाहिए कि क्यों डॉ. राजीव बिंदल को प्रदेशाध्यक्ष के पद से त्याग पत्र देना पड़ा था। सरकार कोरोना काल में पूरी तरह से फेल रही है। अस्पतालों में लोगों को ऑक्सीजन की कमी से जूझना पड़ा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के समय में प्रदेश में कोई विकास कार्य नहीं हुए हैं। पूर्व वीरभद्र सरकार के समय में जो काम शुरू हुए थे, वर्तमान सरकार उन कामों को भी आगे बढ़ाने में पूरी तरह से नाकाम रही है। अभी तक सरकार ने उन योजनाओं के ही उद्घाटन किए हैं, जिनका कार्य पूर्व कांग्रेस सरकार में ही शुरू हुआ था। उपचुनाव को देखते हुए सरकार को विकास की याद आई है। जुब्बल-कोटखाई में अब एसडीएम कार्यालय खोलने की घोषणा की।

2022 में चुनाव जीतकर प्रदेश में सरकार बनाएगी कांग्रेस

उन्होंने कहा कि कांग्रेस मंडी संसदीय क्षेत्र सहित 3 विधानसभा सीटों के उपचुनाव ही नहीं बल्कि वर्ष 2022 में चुनाव जीतकर प्रदेश में सरकार बनाएगी। इस मौके पर सोलन के विधायक कर्नल धनी राम शांडिल, जिला अध्यक्ष शिव कुमार, महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष जैनब चंदेल, प्रदेश महासचिव संजय अवस्थी और प्रदेश सचिव राजेन्द्र ठाकुर सहित अन्य नेता उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News