किशन कपूर ने डेढ़ माह बाद मंत्री पद से दिया इस्तीफा, राज्यपाल ने किया स्वीकार

punjabkesari.in Thursday, Jul 04, 2019 - 11:13 PM (IST)

शिमला: अंतत: लंबे अंतराल के बाद खाद्य, नागरिक एवं उपभोक्ता मामले मंत्री किशन कपूर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। लोकसभा चुनाव में कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से रिकार्ड 4,77,623 वोटों के अंतर से जीते किशन कपूर विधानसभा की सदस्यता से पहले ही इस्तीफा दे चुके थे। इसके बाद उनसे शीघ्र मंत्री पद को छोड़े जाने की उम्मीद की जा रही थी लेकिन इस्तीफा देने में उन्होंने डेढ़ माह का समय लगा दिया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के पास उनका इस्तीफा वीरवार को पहुंचा, जिसके बाद इसे राज्यपाल की स्वीकृति के लिए सायं 5.20 बजे राजभवन पहुंचा दिया गया। राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने खाद्य, नागरिक एवं आपूर्ति मामले मंत्री किशन कपूर के इस्तीफे को स्वीकार कर लिया है। राजभवन की तरफ से उनके इस्तीफे को स्वीकार किए जाने की पुष्टि कर दी गई है।

प्रदेश के चुनावी इतिहास में किशन कपूर की सबसे बड़े अंतर से जीत

सांसद के रूप में किशन कपूर की प्रदेश के चुनावी इतिहास में यह सबसे बड़े अंतर से जीत है। उनके त्याग पत्र न देने के कारण सचिवालय प्रशासन उनके कार्यालय में तैनात स्टाफ को भी दूसरी जगह नहीं लगा पा रहा था। इस तरह अब जयराम सरकार के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार में अनिल शर्मा के इस्तीफे के बाद दूसरा पद खाली हो गया है, ऐसे में अब प्रदेश मंत्रिमंडल के शीघ्र विस्तार की संभावनाएं बढ़ गई हैं, जिसके लिए पार्टी आलाकमान पहले ही मुख्यमंत्री को फ्री हैंड दे चुका है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News